भारत में अगस्त 2022 में महिंद्रा एक्सयूवी700 पर सबसे ज्यादा 21 महीने की प्रतीक्षा अवधि है, जबकि सबसे कम टोयोटा फॉर्च्यूनर पर है, जो कि 2 महीने तक है
कार खरीददारी के लिहाज से भारत दुनिया भर के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। भारतीय कार बाजार में हम हाल के दिनों में नई लॉन्च की गई कारों की मांग में वृद्धि देख रहे हैं। हालांकि सेमीकंडक्टर चिप की कमी जैसे कारकों के कारण कार निर्माता उस मांग को समय पर पूरा करने में सक्षम नहीं हैं। इसके कारण आजकल कई लोकप्रिय कारों कि प्रतीक्षा अवधि काफी बढ़ गई है।
इन्हीं कारों में से एक महिंद्रा एक्सयूवी700 भी है, जिसे भारतीय बाज़ार में जबरदस्त सफलता मिली है। इस एसयूवी को भारत में पाँच और सात सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ पेश किया जाता है और यह 2.2-लीटर एमहॉक डीजल और 2.0-लीटर एमस्टैलियन पेट्रोल के साथ 2 इंजन विकल्पों द्वारा संचालित है। एक्सयूवी700 को इसके आकर्षक पैकेज के कारण खरीददारों द्वारा खूब पसंद किया जाता है।
अगस्त 2022 के महीने में महिंद्रा एक्सयूवी700 की प्रतीक्षा अवधि की बात करें तो इस पर भारत में सबसे ज्यादा प्रतीक्षा अवधि है। इसके चुनिंदा वेरिएंट पर 21 महीने तक की प्रतीक्षा अवधि है। वहीं किआ कैरेंस की बात करें तो इसके कुछ वेरिएंट के लिए 20 महीने तक का इंतजार करना पड़ सकता है।

| मॉडल | प्रतीक्षा अवधि |
| 1. महिंद्रा एक्सयूवी700 | 21 महीने तक |
| 2. किआ कैरेंस | 20 महीने तक |
| 3. किआ सोनेट | 11 महीने तक |
| 4. हुंडई क्रेटा | 9 महीने तक |
| 5. हुंडई वेन्यू | 7 महीने तक |
| 6. मारुति सुजुकी एर्टिगा | 6 महीने तक (CNG वर्जन के लिए 10 महीने तक) |
| 7. महिंद्रा थार | 6 महीने तक |
| 8. मारुति सुजुकी बलेनो | 4 महीने तक |
| 9. टाटा नेक्सन | 3 महीने तक (EV के लिए 8 महीने तक) |
| 10. टोयोटा फॉर्च्यूनर | 2 महीने तक |
वर्तमान में भारत में किआ कैरेंस की कीमत 9.59 लाख रूपए से लेकर 17.70 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इस एमपीवी को इस साल की शुरुआत में पेश किया गया था। वहीं किआ सोनेट पर भी 11 महीने तक की प्रतीक्षा अवधि है, जिसका कारण वैश्विक सेमीकंडक्टर की आपूर्ति का बाधित होना है। इस समस्या से इन दिनों ऑटो उद्योग जूझ रहा है।
अगस्त 2022 में हुंडई क्रेटा पर प्रतीक्षा अवधि 9 महीने तक है। खबरों की मानें तो 2023 की शुरुआत में इसे फेसलिफ्ट अपडेट मिल सकता है, जिसके तहत इसके इंटीरियर व एक्सटीरियर में कुछ बदलाव होंगे और इसे कुछ नए फीचर्स के साथ पेश किया जाएगा, हालाँकि इंजन विकल्प अपरिवर्तित रहेंगे। वहीं हाल ही में हुंडई वेन्यू को एक बड़ा अपडेट मिला है और इसके चुनिंदा वेरिएंट पर 7 महीने तक की प्रतीक्षा अवधि है।

मारुति सुजुकी एर्टिगा पेट्रोल की प्रतीक्षा अवधि 6 महीने तक है, वहीं सीएनजी वर्जन की 10 महीने तक है। वहीं महिंद्रा थार की प्रतीक्षा अवधि 6 महीने तक है। हाल ही में अपडेट हुई मारुति सुजुकी बलेनो के लिए भी आपको 4 महीने तक का इंतजार करना पड़ सकता है, जबकि देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली टाटा नेक्सन एसयूवी पर वेटिंग पीरियड 3 महीने का है। वहीं नेक्सन इलेक्ट्रिक पर 8 महीने की प्रतीक्षा अवधि है। इसके अलावा टोयोटा फॉर्च्यूनर के लिए 2 महीने तक का इंतजार करना पड़ सकता है।