भारत में काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक मोपेड इस साल हो सकती है लॉन्च

काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक मोपेड को 80 किमी तक की राइडिंग रेंज और संभवत: 50,000 रुपए से भी कम कीमत में इस साल भारत में लॉन्च किया जा सकता है

भारत में इन दिनों विभिन्न कंपनियों द्वारा अपने पुराने व लोकप्रिय नेमप्लेट को नए सिरे से भुनाने की प्रक्रिया चल रही है। फिर वह चाहे टाटा मोटर्स द्वारा सफारी ब्रांड की वापसी का हो या फिर चाहे देश में जावा मोटरसाइकिल ब्रांड की शुरूआत हो। बजाज आटो ने भी अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ चेतक ब्रांड वापसी की है, जबकि जल्द ही भारत में येजडी ब्रांड की भी वापसी होने वाली है।

अब इस सूची में लूना ब्रांड का भी नाम शामिल होने वाला है। दरअसल पिछले साल पुणे स्थित काइनेटिक ग्रुप ने घोषणा की थी कि वह लूना नेमप्लेट की वापसी की योजना बना रही है, लेकिन इसे देश में इलेक्ट्रिक अवतार में पेश किया जाएगा। इस तरह स्पष्ट है कि अब कंपनी इलेक्ट्रिक मोपेड के उत्पादन की ओर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है और लूना इलेक्ट्रिक मोपेड को इस साल देश में लॉन्च किया जा सकता है।

हाल के दिनों में भारतीय इलेक्ट्रिक दोपहिया सेगमेंट में रूचि को देखते हुए काइनेटिक की ओर से किया जाने वाला यह फैसला आश्चर्यजनक नहीं है, क्योंकि कई निर्माता इस ओर अपना ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। बता दें कि 1972 में काइनेटिक लूना की शुरूआत Piaggio Ciao के लाइसेंस प्राप्त एडिशन के रूप में हुई थी और इसका उत्पादन साल 2000 तक चला था।

Kinetic Luna-2

काइनेटिक लूना एक छोटी क्षमता वाली 50 सीसी मोपेड थी, जिसे आसान सवारी और किफायती दैनिक यात्रा के लिए डिज़ाइन और विकसित किया गया था। इस तरह इलेक्ट्रिक लूना में संभवत: कुछ आधुनिक टच के साथ मूल डिजाइन के आकर्षण को बरकरार रखा जाएगा। इस आगामी ई-मोपेड में 1 kW इलेक्ट्रिक मोटर की उम्मीद है, जिसे लिथियम-आयन बैटरी के साथ जोड़ा जाएगा।

काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक का यह पावरट्रेन 80 किमी तक की राइडिंग रेंज देने में सक्षम होगा और इसकी अधिकतम गति लगभग 25 किमी प्रति घंटे की होगी। कम विशिष्टताओं के कारण इसके रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी और राइडिंग के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस की भी आवश्यकता नहीं होगी। काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक की कीमत बेहद आक्रामक होगी, जो कि संभवत: 50,000 रुपये से कम होगी।

अटकलों की मानें तो काइनेटिक लूना इलेक्ट्रिक को निजी और कमर्शियल दोनों तरह के उपयोग के लिए पेश किया जाएगा। कमर्शियल रेंज में स्टोरेज बॉक्स भी होगा, जो डिलीवरी जॉब के लिए आदर्श होगा। इसके साथ स्वैपेबल बैटरी पैक की भी पेशकश की जा सकती है, जो चार्जिंग को और भी अधिक सुविधाजनक बना देगा। इलेक्ट्रिक लूना का उत्पादन महाराष्ट्र में काइनेटिक की नई अहमदनगर विनिर्माण प्लांट में होने की संभावना है।