Kia Syros EV भारत में 23 जुलाई को होगी लॉन्च, मिलेगी 400 किमी से ज्यादा की रेंज

kia ev2
Representational

किआ Syros EV में 42 kWh और 49 kWh बैटरी पैक विकल्प मिलने की संभावना है, जिसमें बड़ी बैटरी वाला वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 400 किमी से ज्यादा की रेंज दे सकता है

किआ इंडिया अपनी इलेक्ट्रिक लाइनअप को मजबूत करने की तैयारी कर रही है और 23 जुलाई को नई Kia Syros EV से पर्दा उठा सकती है। यह Carens Clavis EV के बाद भारत में किआ की दूसरी लोकली मैन्युफैक्चर की गई इलेक्ट्रिक कार होगी। किआ Carens Clavis EV मुख्य रूप से फैमिली ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, वहीं Syros EV का फोकस पहली बार EV खरीदने वाले ग्राहकों पर रहेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी Syros EV को दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश कर सकती है। इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सेटअप मिलेगा, जिसमें आगे की तरफ लगा इलेक्ट्रिक मोटर अगले पहियों को पावर देगा। डिजाइन की बात करें तो इसका लुक काफी हद तक पेट्रोल और डीजल Syros जैसा ही रहेगा, लेकिन इसे अलग पहचान देने के लिए कुछ EV-विशेष बदलाव किए जाएंगे।

एक्सटीरियर में क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, नया बंपर, बेहतर एयरोडायनामिक डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स और EV बैजिंग देखने को मिल सकती है। वहीं इसकी ऊंची रूफलाइन, बॉक्सी डिजाइन और प्रैक्टिकल केबिन लेआउट पहले की तरह बरकरार रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किआ Syros EV के डिजाइन में कंपनी की ग्लोबल EV2 की झलक देखने को मिल सकती है।

Kia-Syros-EV
Kia Syros EV

फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल डिजिटल डिस्प्ले, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग, प्रीमियम सीट अपहोल्स्ट्री और पैनोरैमिक सनरूफ जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। हाई वेरिएंट्स में रीजनरेटिव ब्रेकिंग, Vehicle-to-Load (V2L), Vehicle-to-Vehicle (V2V) चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।

सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), 360-डिग्री कैमरा, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर तथा लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है। Kia Syros EV, मौजूदा ICE मॉडल के K1 प्लेटफॉर्म के संशोधित वर्जन पर आधारित हो सकती है। इसमें 42 kWh और 49 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलने की संभावना है।

kia syros 2
Syros ICE Interior

साथ ही यह DC फास्ट चार्जिंग और AC होम चार्जिंग दोनों को सपोर्ट करेगी। बड़ी बैटरी वाले वेरिएंट से एक बार चार्ज करने पर 400 किमी से ज्यादा की रेंज मिलने की उम्मीद है। कीमत की बात करें तो किआ इसे 15 लाख रुपये से 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच लॉन्च कर सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Nexon EV, Mahindra XUV 3XO EV, MG Windsor EV और Maruti e Vitara के शुरुआती वेरिएंट्स से होगा।