
नई जनरेशन Kia Sorento Hybrid जल्द ही भारत में लॉन्च होने वाली है और इसमें 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है, जो बेहतर परफॉर्मेंस के साथ शानदार माइलेज भी देगा
किआ इंडिया ने अपनी नई Sorento Hybrid SUV का टीज़र जारी कर दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि यह भारत में Kia की पहली हाइब्रिड कार होगी। लॉन्च से पहले इसकी प्री-बुकिंग देशभर के किआ डीलरशिप और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है और इसे जल्द ही भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। हाल ही में कंपनी ने Syros को इलेक्ट्रिक अवतार में पेश किया है और इसकी सर्टिफाइड रेंज 526 किमी तक की है।
Kia ने Sorento एसयूवी को पहली बार 2002 में वैश्विक बाजार में उतारा था। अब तक यह SUV चार पीढ़ियों में आ चुकी है और दुनिया के 132 देशों में 48 लाख (4.8 मिलियन) से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री हासिल कर चुकी है। साल 2024 और 2025 में भी यह Kia की सबसे ज्यादा बिकने वाली 3 कारों में शामिल रही थी।
सुरक्षा के मामले में भी Sorento को IIHS Top Safety Pick+, NHTSA की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग और Car and Driver Editors’ Choice Award जैसे सम्मान मिल चुके हैं। टीजर में नई Sorento का दमदार डिज़ाइन देखने को मिलता है। इसमें ऊंचा बॉडी स्टांस, मजबूत शोल्डर लाइन और नया टू-लेवल LED लाइटिंग सेटअप दिया गया है।

भारतीय बाजार के लिए किआ Sorento में हाइब्रिड पावरट्रेन सबसे बड़ा आकर्षण होगा। हालांकि कंपनी ने अभी इंजन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि इसमें 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल हाइब्रिड इंजन मिलेगा। यह इंजन करीब 238 एचपी की पावर और 380 Nm का टॉर्क देगा और इसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह SUV फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। इस एसयूवी को 5-सीटर, 6-सीटर और 7-सीटर विकल्पों में पेश किया जा सकता है। इस एसयूवी की लम्बाई 4,815 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी और ऊंचाई 1,700 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,815 मिमी है।

नई किआ Sorento का केबिन कई आधुनिक फीचर्स से लैस होगा। इसमें पैनोरैमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पावर्ड ड्राइवर सीट, दो 12.3-इंच की स्क्रीन (डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम), वायरलेस एप्पल CarPlay और Android Auto, 360-डिग्री कैमरा, मल्टीपल एयरबैग्स और लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है।