Kia Sonet GTX+ ऑटोमैटिक वेरिएंट हुआ लॉन्च, कीमत 12.89 लाख रूपये

किआ सोनेट कॉम्पैक्ट एसयूवी एक विस्तारित रेंज के साथ आती है जिसमें तीन पावरट्रेन और पाँच ट्रांसमिशन विकल्प शामिल हैं

कुछ दिन पहले, किआ सोनेट को भारत में बिक्री के लिए लाया गया था। इस गाड़ी के टॉप-स्पेक GTX+ ट्रिम को छोड़कर बाकी सभी मॉडल की कीमतें खरीददारों के सामने आ गई थीं। दक्षिण कोरियाई ऑटो प्रमुख ने अब GTX+ वैरिएंट की कीमत की घोषणा की है इसकी कीमत 12.89 लाख रूपये (एक्स-शोरूम) है। पेट्रोल डीसीटी और डीजल एटी दोनों के लिए ग्राहकों को एक ही कीमत देनी पड़ेगी । सोनेट को HTE, HTK, HTK+, HTX, HTX+ और GTX+ ग्रेड में पेश किया गया है और इसकी शुरुआती कीमत 6.71 लाख रूपये(एक्स-शोरूम) है।

GTX+ पेट्रोल DCT और GTX+ सिक्स-स्पीड डीजल एटी को उन खरीदारों द्वारा काफी पसंद किये जा रहे हैं, जो कॉम्पैक्ट SUV की बुकिंग कर रहे हैं क्योंकि यह गाड़ी प्रीमियम सुविधाओं से भरी हुई है। इसके अलावा, जीटी-लाइन वैरिएंट रेगुलर सोनेट से कुछ अलग है, इस गाड़ी पर एक्सटिरियर और इंटिरियर में स्पोर्टी लाल एक्सेंट दिखाई देता है। गाड़ी की हाइलाइट्स में जीटी लाइन लोगो के साथ लैदर डी-कट स्टीयरिंग व्हील शामिल हैं।

गाड़ी में अन्य जगहों पर आप एलॉय पैडल, स्टीयरिंग व्हील पर लाल टांके, आर्मरेस्ट और सीट के साथ-साथ इलेक्ट्रिक सनरूफ भी देख सकते हैं। सोनेट को तीन पॉवरट्रेन विकल्पों और 5 ट्रांसमिशन के रूप में विस्तार दिया गया है। इसका मुकाबला मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा (Maruti Suzuki Vitara Brezza), हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue), टाटा नेक्सॉन (Tata Nexon), महिंद्रा एक्सयूवी 300 (Mahindra XUV300), फोर्ड ईकोस्पोर्ट (Ford EcoSport), होंडा डब्ल्यूआर-वी (Honda WR-V) और अन्य कारों से है।

KIA SONET

भारत के लिए सोनेट किआ का तीसरा प्रोडक्ट है। अगस्त 2019 में सेल्टोस के साथ इस ब्रांड की शुरुआत हुई थी, इसके बाद 2020 ऑटो एक्सपो में कार्निवल का शुभारंभ किया गया था, जिसमें सोनेट को भी इसके कॉन्सेप्ट के रूप में प्रदर्शित किया गया था। सब-फॉर-मीटर एसयूवी के फीचर्स में सेगमेंट-फर्स्ट सिक्स-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर एटी डीजल, 211 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और अपने सेगमेंट का सबसे बड़ा बूटस्पेस देती है।

1.2-लीटर स्मार्टस्ट्रीम पेट्रोल 84 PS की पावर और 115 Nm का टार्क विकसित करता है, जबकि 1.5-लीटर फॉर-सिलेंडर डीजल को एक 6-स्पीड मैनुअल के साथ जोड़ा गया है जो 100 PS की पावर और 240 Nm का टार्क जनरेट करता है। वहीं 6 स्पीड एटी के साथ यह 115 PS की पावर और 250 Nm का टार्क जनरेट करता है। 1.0-लीटर थ्री-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड गैसोलीन इंजन 120 PS की पावर और 172 Nm का टार्क जेनेरेट करता है, और इसे 6-स्पीड iMT या 7-स्पीड DCT के साथ जोड़ा गया है।

KIA SONET INTERIOR

Kia Sonet में कुछ मुख्य विशेषताएं है जिनमें नेविगेशन के साथ 10.25 इंच की एचडी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एप्पल कार प्ले, एंड्रोइड ऑटो और किआ की UVO 57-इन-कार कनेक्टिविटी आधारित सुविधाएं जैसे लाइव ट्रैफिक अलर्ट, AI बेस्ड वॉयस रिकग्निशन और OTR अपडेट हैं। इसमें सात-स्पीकर बोस ऑडियो, वेंटीलेटिड फ्रंट सीटें, 4.2 इंच रंगीन इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जर आदि शामिल हैं।