किआ सोनेट (Kia Sonet) का 7 अगस्त को भारत से ग्लोबल प्रीमियर होगा जो अपने सेगमेंट में सबसे बड़े 10.25 इंच के टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस होगी
किआ मोटर्स इंडिया (Kia Motors India) ने 7 अगस्त को अपनी एसयूवी किआ सोनेट (Kia Sonet) के ग्लोबल प्रीमियर से पहले टीज़र स्केच का एक नया सेट जारी किया है। यह 5-सीटर एसयूवी उस कॉन्सेप्ट पर बेस्ड है, जिसे 2020 ऑटो एक्सपो में कंपनी की ओर से पहली बार शोकेश किया गया था। कार का प्रोडक्शन वर्जन कॉन्सेप्ट वर्जन से काफी मिलता-जुलता है।
कंपनी ने इसके पहले भी इस कॉम्पैक्ट एसयूवी के कई टीजर जारी किए थे। एक्सटेरियर में यह कॉम्पैक्ट एसयूवी टाइगर नोज़ ब्लैक फ्रंट ग्रिल के साथ क्रोम सराउंड और स्लीक हेडलैंप क्लस्टर में जुड़ी एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट से लैस है। फ्रंट बम्पर में डॉर्क फॉग लैंप हाउसिंग हैं और निचे मिड पार्ट में बड़ा एयर इनलेट है जिसमें क्रोम के साथ फॉक्स एयर स्कूप लगे हैं और स्किड प्लेट भी है।
प्रोफाइल पर ब्लैक क्लैडिंग, स्पोर्टी कैरेक्टर लाइन्स, 16-इंच के मशीन कट अलॉय व्हील्स, ब्लैक-बी-पिलर्स, रैक्ड विंडशील्ड, गार्निश विंडो लाइन, ब्लैक ORVMs और रूफ रेल्स के साथ मस्कुलर व्हील मौजूद हैं। अन्य स्टाइलिंग में हॉरिजेंटल एलईडी टेल लैंप, रियर डिफ्यूज़र, ड्यूल एग्जास्ट पाइप और किआ बैज है, जो इसे शानदार लुक देते हैं।

केबिन में ऑल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ सेगमेंट में सबसे बड़ा 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिखाई दिया है, जो कि Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। कार में UVO Connect के साथ eSIM कनेक्टिविटी फीचर्स की सुविधा भी होगी।
फ्लोटिंग टचस्क्रीन के नीचे क्लाइमेट कंट्रोल डिस्प्ले और एयर कंडीशनिंग वेंट्स लगे हैं, जबकि डोर ट्रिम्स, एसी वेंट्स, गियर लीवर एरिया और स्टीयरिंग व्हील को अपमार्केट स्टेटस के साथ देखा जा सकता है। कार के अन्य इक्वीपमेंट में वायरलेस चार्जर, इंजन स्टार्ट/स्टॉप बटन, रियर एसी वेंट आदि शामिल हैं।

भारत में लॉन्च होने के बाद किआ सोनेट का मुकाबला मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा, हुंडई वेन्यू, टाटा नेक्सन, फोर्ड इकोस्पोर्ट और महिंद्रा एक्सयूवी 300 से होगा और यह हुंडई वेन्यू के साथ अपने मैकेनिकल को शेयर करेगी, जिसमें 1.2-लीटर पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल होगा। पेट्रोल टर्बो यूनिट को 7 स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जाएगा।