कॉम्पैक्ट एसयूवी Kia Sonet से हटा पर्दा, जल्द खत्म होगा इंतजार

भारत में लॉन्च होने के बाद किआ सोनेट का मुकाबला हुंडई वेन्यू, फोर्ड ईकोस्पोर्ट, महिन्द्रा एक्सयूवी300, टाटा नेक्सन और मारूति विटारा ब्रेजा से होगा

किआ मोटर्स (Kia Motors) ने आखिरकार अपनी नई पेशकश किआ सोनेट (Kia Sonet) का ग्लोबल डेब्यू कर दिया है और अब जल्द ही इस कॉम्पैक्ट एसयूवी को भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। कंपनी ने कुछ ऐसी ही रणनीति भारत में लोकप्रिय हो चुकी किआ सेल्टोस के लिए भी अपनाया था। कंपनी इस एसयूवी को भारत में GT Line और Tech Line (HT Line) में लॉन्च करेगी।

GT Line में जहां  GTK, GTX और GTX+ के तीन वेरिएंट होंगे वहीं Tech Line में ग्राहकों के पास HTE, HTK, HTX और  HTX+ के चार ऑप्शन होंगे। कंपनी ने किआ सोनेट के कॉन्सेप्ट वर्जन को पहली बार ऑटो एक्सपो 2020 में शोकेश किया था और यह भारत में इस साल की सबसे बहुप्रतिक्षित कारों में से एक है। यह नई कॉम्पैक्ट एसयूवी नए फीचर्स के साथ अपने सेगमेंट में नया बेंचमार्क स्थापित करने जा रही है और इसे कई ऐसे इक्वीपमेंट मिले हैं, जो इस सेगमेंट में पहली बार है।

सोनेट के एक्सटेरियर डिजाइन की बात करें तो ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किए गए कॉन्सेप्ट मॉडल से काफी मिलती जुलती है और इसका ओवरआल सिल्हूट भी कॉन्सेप्ट की तरह है। नई किआ सोनेट में वाई-शेप वाला 16 इंच का मशीन कट अलॉय व्हील्स से लैस की गई हैं, जो कि डुअल-टोन फिनिश में है और काफी प्रीमियम लगते हैं।

Kia sonet-12

इस एसयूवी को ब्लैक कलर की प्लास्टिक क्लैडिंग भी मिली है और विंडो पर क्रोम अंडरलाइन व रूफ रेल्स भी हैं। कार के रियर में कटआउट वाली एलईडी टेल लाइट्स है। इसके अलावा ऐसा लगता है कि सोनेट में केवल दो पार्किंग सेंसर मिल रहे हैं। एसयूवी के टॉप मॉडल को साइड में, रियर और फ्रंट और ब्रेक कैलिपर्स को रेड एक्सेंट्स मिले हैं।

सोनेट का इंटीरियर काफी फीचरफुल है और इसे यूवीओ कनेक्ट, फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, वायरलेस चार्जर, सनरूफ, एंबियंट लाइटिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम, Apple CarPlay और Android Auto कनेक्टिविटी के साथ 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट है। GT लाइन में अलग-अलग ड्राइविंग मोड, वेंटीलेटेड फ्रंट सीटें, क्रूज कंट्रोल, एयर प्यूरीफायर टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग सिस्टम, सनरूफ, क्रूज़ कंट्रोल, इंजन स्टार्ट/स्टॉप और छह एयरबैग्स सहति कई एडवांस फीचर मिलें हैं।

Kia Sonet Compacct Suv2

किआ सोनेट को पावर देने के लिए तीन इंजन ऑप्शन का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें पहला 1.2-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल मोटर (83 पीएस और 114 एनएम) जो कि 5-स्पीड मैनुअल से जुड़ा होगा, जबकि दूसरा 1.5-लीटर टर्बो-डीजल (100 पीएस और 240 एनएम) जो कि 6-स्पीड मैनुअल से जुड़ा होगा। तीसरा 1.0-लीटर, टर्बो-पेट्रोल मोटर (120 पीएस और 171 एनएम) 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड DCT या 6-स्पीड iMT ट्रांसमिशन ऑप्शन के साथ उपलब्ध होगा।