Kia Seltos ने भारत में अगस्त 2019 में लॉन्च होने के बाद 6 साल से थोड़े अधिक समय 6 लाख बिक्री की उपलब्धि हासिल की है
किआ इंडिया ने साल 2019 में पहली बार सेल्टोस मिडसाइज एसयूवी को लॉन्च किया था और इसने भारतीय बाजार में एक मजबूत पहचान बनाई और अब इसकी बिक्री भारतीय बाजार में 6 लाख यूनिट्स के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह उपलब्धि किआ के लिए बहुत बड़ी सफलता है और इससे साफ है कि सेल्टोस कंपनी की अहम गाड़ियों में से एक बन चुकी है। भारत में अच्छी बिक्री के साथ-साथ यह SUV विदेशों में भी निर्यात की जा रही है और वहाँ भी कंपनी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
लॉन्च के समय से ही सेल्टोस ने अपने स्पोर्टी डिजाइन, पेट्रोल और डीज़ल इंजन विकल्पों की विस्तृत रेंज और दोनों ईंधन विकल्पों में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन उपलब्धता के जरिए खुद को अलग पहचान दी। यही वजह है कि यह मिडसाइज़ SUV सेगमेंट में ग्राहकों की पसंद बनी रही। बिक्री के आंकड़ों से पता चलता है कि लगभग एक-तिहाई ग्राहक इसके टॉप वेरिएंट को चुनते हैं, जबकि एंट्री और मिड वेरिएंट्स की लगातार मांग यह दिखाती है कि यह SUV वैल्यू-फॉर-मनी खरीदारों और प्रीमियम फीचर्स चाहने वालों को आकर्षित करती है।
आकार की बात करें तो किआ सेल्टोस की लंबाई करीब 4,460 मिमी, चौड़ाई 1,830 मिमी और व्हीलबेस 2,690 मिमी है। यह डाइमेंशन इसे केबिन में अच्छा स्पेस और रोड पर दमदार मौजूदगी प्रदान करते हैं। समय के साथ किए गए बदलावों से गाड़ी की चलाने की आरामदायकता, इंफोटेनमेंट सिस्टम, ड्राइवर की मदद करने वाले फीचर्स और सुरक्षा को बेहतर किया गया है, जिससे इसे चलाने और इस्तेमाल करने का अनुभव और अच्छा हो गया है।

नई जनरेशन सेल्टोस की कीमतें पिछले महीने घोषित की गई थीं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.99 लाख रुपये है, जो टॉप मॉडल के लिए 19.99 लाख रुपये तक जाती है। यह SUV ग्लोबल K3 आर्किटेक्चर पर आधारित है, जिससे इसकी बॉडी स्ट्रक्चर पहले से ज्यादा मजबूत हुई है और ड्राइविंग स्टेबिलिटी तथा हैंडलिंग में सुधार हुआ है।
सेफ्टी के लिहाज से इसमें छह एयरबैग, ABS, हिल-स्टार्ट असिस्ट और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। टॉप वेरिएंट्स में लेवल-2 ADAS तकनीक के साथ 21 एडवांस सेफ्टी फंक्शन्स मिलते हैं। डिजाइन के मामले में यह किआ की नई ‘Opposites United’ स्टाइलिंग फिलॉसफी पर आधारित है।

किआ इंडिया के चीफ सेल्स ऑफिसर Sunhack Park ने कहा कि “6 लाख बिक्री का आंकड़ा पार करना ग्राहकों के भरोसे और पसंद को दर्शाता है। उनके अनुसार, सेल्टोस ने मिड-SUV सेगमेंट में नए मानक स्थापित किए हैं और लॉन्च के समय जिन फीचर्स को पेश किया गया था, वे उस समय इस सेगमेंट में आम नहीं थे।”