Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में नई जनरेशन किआ सेल्टोस ने शानदार प्रदर्शन किया और इसे एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.70 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 45 अंक मिले
किआ सेल्टोस ने 2026 के भारत NCAP क्रैश सेफ्टी टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया है और अपने सेगमेंट में टॉप पर पहुंच गई है। इसे एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.70 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 45 अंक मिले हैं, जो लगभग परफेक्ट स्कोर के बराबर हैं। एडल्ट सेफ्टी की बात करें तो सेल्टोस ने सभी बड़े टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
फ्रंटल ऑफसेट क्रैश टेस्ट में इसे 16 में से 15.70 अंक मिले, जबकि साइड इम्पैक्ट टेस्ट में पूरे 16 में से 16 अंक हासिल मिले हैं। यह इसके मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर और बेहतर सेफ्टी सिस्टम को दर्शाता है, जो हादसे के समय यात्रियों को अच्छी सुरक्षा देता है। चाइल्ड सेफ्टी में भी नई जनरेशन Kia Seltos काफी आगे रही।
डायनेमिक टेस्टिंग में इसे पूरे 24 में से 24 अंक और चाइल्ड सीट इंस्टॉलेशन में 12 में से 12 अंक मिले। केवल व्हीकल असेसमेंट कैटेगरी में 13 में से 9 अंक मिले, जिससे कुल स्कोर 49 में से 45 रहा। इस शानदार स्कोर में इसके सेफ्टी फीचर्स का बड़ा योगदान है। इस एसयूवी में स्टैंडर्ड तौर पर फ्रंट एयरबैग, साइड कर्टेन एयरबैग और साइड चेस्ट एयरबैग दिए गए हैं।

इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), सीट बेल्ट रिमाइंडर और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सिस्टम भी शामिल हैं।हालांकि, इसमें कुछ कमियां भी हैं। इसमें नी एयरबैग और साइड पेल्विस एयरबैग नहीं दिए गए हैं, और ISOFIX माउंट्स सिर्फ दूसरी पंक्ति की बाहरी सीटों पर ही मिलते हैं।
टेस्ट किया गया मॉडल 1.5-लीटर डीजल इंजन और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ था, जिसका वजन 1,771 किलोग्राम था। यह सेफ्टी रेटिंग पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट्स पर लागू होती है। यह अपडेटेड मॉडल एडवांस K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिससे इसकी मजबूती और सेफ्टी में काफी सुधार हुआ है। साथ ही, इसका साइज भी पहले से बड़ा हो गया है।

इसकी लंबाई 4,460 मिमी, चौड़ाई 1,830 मिमी और व्हीलबेस 2,690 मिमी है, जिससे अंदर ज्यादा स्पेस और बेहतर रोड प्रेजेंस मिलती है। इसके अलावा, किआ ने इसमें नया ADAS फीचर, बेहतर सेफ्टी सिस्टम, ज्यादा रिच केबिन और नए डिजिटल फीचर्स जोड़े हैं। कुल मिलाकर, शानदार एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी स्कोर और मजबूत सेफ्टी फीचर्स के कारण यह मिडसाइज SUV इस समय बाजार में सबसे सुरक्षित कारों में से एक बन गई है।