किआ ने बढ़ाई सोनेट की ऑटोमैटिक रेंज, 10 लाख से कम कीमत में मिलेंगे 6AT और 7DCT ऑप्शन

किआ ने सोनेट के साथ ऑटोमैटिक वेरिएंट्स की रेंज बढ़ा दी है और अब इसमें डीजल 6AT वेरिएंट 9,77,900 रुपये से और टर्बो पेट्रोल 7DCT वेरिएंट 9,89,900 रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होते हैं

किआ इंडिया ने आज भारतीय बाजार में सोनेट कॉम्पैक्ट SUV की ऑटोमैटिक लाइनअप को और बड़ा करते हुए डीजल 6-स्पीड ऑटोमैटिक और टर्बो पेट्रोल 7DCT के साथ नए वेरिएंट जोड़े हैं। अब किआ सोनेट के डीजल 6-स्पीड ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत 9,77,900 रुपये से शुरू होती है, जबकि पेट्रोल 7DCT की शुरुआती कीमत 9,89,900 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

खास बात यह है कि अब डीजल ऑटोमैटिक और टर्बो पेट्रोल ऑटोमैटिक तकनीक 10 लाख रुपये से कम कीमत में उपलब्ध हो गई है, जिससे इस एसयूवी की लोकप्रियता और बढ़ने की उम्मीद है। शहरों में बढ़ते ट्रैफिक के कारण अब अधिक ग्राहक ऑटोमैटिक कारों को पसंद कर रहे हैं क्योंकि इससे ड्राइविंग ज्यादा आरामदायक होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए किआ इंडिया ने सोनेट के ऑटोमैटिक वेरिएंट्स की रेंज को और बढ़ाया है।

अब 1.5-लीटर डीजल इंजन के साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स को HTE(O), HTK(O), HTK+ और HTK+(O) वेरिएंट्स में उपलब्ध कराया गया है। वहीं 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स को HTK(O) और HTK+(O) वेरिएंट्स में पेश किया गया है। इस अपडेट के साथ किआ सोनेट अपने सेगमेंट की पहली एसयूवी बन गई है, जिसमें 6AT और 7DCT दोनों ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन 10 लाख रुपये से कम कीमत में उपलब्ध हैं। इससे ज्यादा ग्राहकों के लिए ऑटोमैटिक कार खरीदना आसान हो गया है।

2024 kia sonet-18

EngineTrimTransmissionPrice (INR)
Diesel (D1.5)HTE(O)6AT9,77,900
HTK(O)6AT10,72,900
HTK+6AT11,08,900
HTK+(O)6AT11,56,900
Petrol Turbo (G1.0T)HTK(O)7 DCT9,89,900
HTK+(O)7 DCT10,83,900

डीजल इंजन बेहतर माइलेज और मजबूत परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। अब इसे ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ देने से ग्राहकों को शहर और हाईवे दोनों जगह ज्यादा आरामदायक ड्राइविंग अनुभव मिलेगा। साल 2020 में लॉन्च होने के बाद से किआ Sonet भारत के कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय कारों में से एक बन चुकी है। हाल ही में इस SUV की कुल बिक्री 5 लाख यूनिट के पार पहुंच गई है, जो ग्राहकों के भरोसे को दर्शाती है।

इस मौके पर Kia India के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग), Atul Sood, ने कहा कि “कंपनी लगातार ग्राहकों की बदलती जरूरतों को समझ रही है। आजकल लोग रोजाना की ड्राइविंग में ऑटोमैटिक कारों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसलिए MY26 अपडेट के साथ डीजल ऑटोमैटिक और टर्बो पेट्रोल 7DCT को ज्यादा किफायती कीमत पर पेश किया गया है ताकि अधिक ग्राहक ऑटोमैटिक ड्राइविंग का अनुभव ले सकें।”

2024 kia sonet-9

किआ सोनेट कई वेरिएंट्स और पांच पावरट्रेन विकल्पों के साथ आती है। इसमें दमदार डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और फीचर-रिच केबिन मिलता है। सुरक्षा के लिए इसमें 15 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स, Level 1 ADAS के 10 फीचर्स और 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स दिए गए हैं। साथ ही कंपनी ने इसमें Magma Red नाम का नया रंग भी जोड़ा है।