भारत में Kia की रिकॉर्डतोड़ बिक्री, मार्च और पहली तिमाही में रिकॉर्ड सेल्स

किआ इंडिया ने मार्च में अब तक की सबसे ज्यादा 29,112 कारों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 14 फीसदी की वृद्धि है

किआ इंडिया ने बिक्री के मामले में इस साल भारत में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन मार्च महीना और पहली तिमाही (Q1) दर्ज की है। कंपनी फिलहाल भारतीय बाजार में केवल SUVs और MPVs की बिक्री करती है और उसके मुताबिक सभी लोकली मैन्युफैक्चर्ड मॉडल्स की मांग मजबूत बनी हुई है।

मार्च 2026 में किआ ने भारत में कुल 29,112 कारों की बिक्री की है, जो पिछले साल मार्च 2025 में बेची गई 25,525 यूनिट्स के मुकाबले 14.5 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, मारुति सुजुकी, महिंद्रा, टाटा मोटर्स और हुंडई की तुलना में किआ अभी भी भारतीय बाजार इनसे काफी पीछे है। उदाहरण के तौर पर, Hyundai ने पिछले महीने कुल 69,004 कारों की बिक्री की, जिसमें 55,064 यूनिट्स घरेलू और 13,940 यूनिट्स निर्यात शामिल हैं।

किआ का कहना है कि दूसरी पीढ़ी की किआ सेल्टोस जनवरी में लॉन्च होने के बाद से हर महीने 10,000 से ज्यादा यूनिट्स का योगदान दे रही है। हालांकि, नए मॉडल को अब पहले के मुकाबले ज्यादा कड़ी टक्कर मिल रही है, क्योंकि टाटा सिएरा और Duster जैसे नए विकल्प भी बाजार में आ चुके हैं।

New Kia Seltos (9)

जनवरी से मार्च 2026 के बीच Kia ने कुल 84,316 कारें बेचीं, जो 2025 की पहली तिमाही (75,576 यूनिट्स) के मुकाबले 11.6 फीसदी ज्यादा है। वहीं, हुंडई ने इसी अवधि में 2,08,275 यूनिट्स की बिक्री की, जिसमें 1,66,578 यूनिट्स घरेलू और 41,697 यूनिट्स निर्यात शामिल हैं।

किआ भारत में Sonet, Syros और Carens/Carens Clavis जैसे मॉडल्स का निर्माण करती है। Carens Clavis का इलेक्ट्रिक वर्जन भी उपलब्ध है। इसके अलावा, कंपनी Kia Carnival, Kia EV6 और Kia EV9 जैसे तीन आयातित मॉडल्स भी बेचती है, जिन्हें पूरी तरह तैयार (CBU) रूप में दक्षिण कोरिया से लाया जाता है।

Kia Carens Clavis EV

इस साल के अंत तक कंपनी Syros EV को लॉन्च करेगी और संभव है कि ‘MQ4i’ कोडनेम वाली तीन-रो SUV (जो Mahindra XUV700 की प्रतिद्वंदी होगी) भी पेश की जाए। नए लॉन्च के साथ कंपनी की लाइन-अप भारत में 9 मॉडलों तक पहुंच जाएगी। साथ ही कार्निवल का पेट्रोल हाइब्रिड वर्जन के भी लॉन्च होने की उम्मीद है। फिलहाल Kia भारत में 390 लोकेशंस पर 862 टचपॉइंट्स के जरिए अपनी मौजूदगी बनाए हुए है और साथ ही 124 सर्टिफाइड प्री-ओन्ड सेल्स आउटलेट्स भी संचालित कर रही है।