
किआ की 2025 में कुल बिक्री 2,80,286 यूनिट रही, जो पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत की वृद्धि है
किआ इंडिया ने कैलेंडर वर्ष 2025 का समापन शानदार प्रदर्शन के साथ किया है। कंपनी ने भारत में प्रवेश के बाद अब तक का अपना सबसे मजबूत सालाना प्रदर्शन दर्ज किया। साल 2025 में किआ इंडिया की कुल होलसेल बिक्री 2,80,286 यूनिट्स रही, जो कि साल 2024 में दर्ज की गई 2.45 लाख यूनिट्स के मुकाबले 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाती है। यह लगातार बढ़ोतरी दिखाती है कि भारतीय ग्राहक इस ब्रांड को पसंद कर रहे हैं, और अलग-अलग सेगमेंट में मौजूद इसकी कारों की रेंज ने इसमें पूरी मदद की है।
कैलेंडर वर्ष का आखिरी महीना कंपनी के लिए खास तौर पर अहम रहा। दिसंबर 2025 किआ इंडिया का अब तक का सबसे बेहतरीन दिसंबर साबित हुआ, जिसमें 18,659 यूनिट्स की होलसेल बिक्री दर्ज की गई। यह आंकड़ा पिछले साल इसी महीने बेची गई 8,957 यूनिट्स की तुलना में 105 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी को दर्शाता है।
इस शानदार प्रदर्शन में किआ सोनेट की अहम भूमिका रही। कॉम्पैक्ट एसयूवी ने एक बार फिर सालाना बिक्री में 1 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार किया। लगातार दूसरे साल यह उपलब्धि हासिल करते हुए सोनेट भारत के सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी सेगमेंट में किआ की बिक्री की मजबूत आधार बनी रही। सोनेट के साथ-साथ सेल्टोस ने भी बिक्री में अहम योगदान दिया।

कंपनी के अन्य मॉडलों को भी बाजार से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। किआ के अनुसार कैरेंस, कैरेंस क्लैविस और कैरेंस क्लैविस ईवी को ग्राहकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। वहीं प्रीमियम सेगमेंट में चौथी जनरेशन की कार्निवल लिमोज़ीन और ईवी6 ने भी ग्राहकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। किआ को उम्मीद है कि 2026 में भी वह इसी तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ती रहेगी। हाल ही में पेश की गई दूसरी जनरेशन किआ सेल्टोस आने वाले समय में कंपनी की बिक्री को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाली है।
इसके साथ ही सोनेट और कैरेंस रेंज जैसे स्थापित मॉडल भी ब्रांड को मजबूती देते रहेंगे। नई सेल्टोस की आधिकारिक कीमतें भारत में कल घोषित की जाएंगी। यह मॉडल डिजाइन और फीचर्स में कई बदलावों के साथ आती है और ग्लोबल K3 आर्किटेक्चर पर आधारित है। प्रोडक्ट्स के साथ-साथ किआ इंडिया ने अपने रिटेल और सर्विस नेटवर्क के विस्तार पर भी खास ध्यान दिया। साल 2025 के दौरान कंपनी ने अपने नेटवर्क को 369 शहरों तक बढ़ाया और कुल 821 टचपॉइंट्स के साथ अपनी मौजूदगी मजबूत की है।

कंपनी के प्रदर्शन और भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) अतुल सूद ने कहा,
“2025 किआ इंडिया के लिए लगातार और टिकाऊ विकास का साल रहा। इस दौरान कैरेंस क्लैविस और कैरेंस क्लैविस ईवी जैसे अहम नए मॉडल लॉन्च किए गए। साथ ही सेल्टोस, कैरेंस और सोनेट जैसे प्रमुख मॉडलों में बेहतर ट्रिम विकल्प दिए गए। इसके अलावा कामकाज में सुधार, बिक्री और सर्विस को मजबूत करने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने का भी बड़ा योगदान रहा।”