वर्तमान में किआ विश्लेषण कर रही है कि भारत में किस तरह के इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च किए जा सकते हैं
किआ इंडिया ने कुछ दिनों पहले अपडेटेड किआ सोनेट और किआ सेल्टोस को घरेलू बाजार में पेश किया है और कंपनी ने अगले साल की शुरुआत में एक नए सेगमेंट में विस्तार करने की अपनी योजनाओं का खुलासा किया है, जो कि किआ सेल्टोस पर बेस्ड एक एमपीवी हो सकती है।
हाल ही में एक साक्षात्कार में किआ इंडिया के कार्यकारी निदेशक और मुख्य बिक्री और व्यापार रणनीति ऑफिसर Tae-Jin Park ने इस मामले पर कुछ प्रकाश डाला और उन्होंने एसयूवी और एमपीवी सेगमेंट पर कंपनी द्वारा प्राथमिकता को दिए जाने की योजना को दोहराया। उन्होंने कहा कि हम किसी एमपीवी की व्यवहार्यता को देख रहे हैं। इसलिए हम इस संभावना को देख रहे हैं और तैयारी कर रहे हैं।
इस दक्षिण कोरियाई ऑटो प्रमुख को भारतीय बाजार में डेब्यू के दो साल के भीतर ही सोनेट और सेल्टोस के साथ काफी सफलता मिली है और यह कार्निवल की बिक्री भी करती है। किआ की ओर से देश में सबसे ज्यादा संभावना साल 2022 की शुरुआत में सात-सीटर प्रीमियम MPV को पेश करने की है, जिसे KY का कोडनेम दिया गया है।

किआ KY को मारुति सुजुकी एर्टिगा और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा के बीच रखा जा सकता है। देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के बाद भी किआ अपने भविष्य को लेकर आशावादी है और कंपनी अपने विस्तार, उत्पादन में तेजी और प्रतीक्षा अवधि को कम करने को लेकर चल रही है, ताकि वैश्विक सीरीज की अनिश्चितता और अगले दो महीनों में सेमीकंडक्टर आपूर्ति के मुद्दों को हल किया जा सके।
ऐसे में अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहता है तो किआ जुलाई तक अपना उत्पादन बढ़ाने में सक्षम होगी और फेस्टिव सीजन में रिकवरी की उम्मीद है। भविष्य की ओर देखते हुए ब्रांड भारत के लिए एक इलेक्ट्रिक वाहन पर भी विचार कर रहा है और जैसा कि Tae-Jin Park ने कहा कि मैं अभी जो कह सकता हूँ वह यह है कि हम विश्लेषण कर रहे हैं कि इस बाजार में किस तरह के इलेक्ट्रिक वाहन को लॉन्च किया जा सकता है।

हालांकि कंपनी ने आगे कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन ब्रांड इसकी संभावनाओं को देख रही है। किआ ने हाल ही में E-GMP प्लेटफॉर्म पर आधारित अपनी आल इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में EV6 का अनावरण किया है, जिसे हुंडई के साथ साझा किया गया है। इसमें सिंगल चार्ज में 500 किमी की ड्राइविंग रेंज का दावा है और इसमें इलेक्ट्रिक नीरो और सोल इलेक्ट्रिक की तुलना में ज्यादा चार्जिंग क्षमता, त्वरण और टॉप स्पीड है। यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि किआ की पैतृक ब्रांड हुंडई भी भारत के लिए एक सस्ती इलेक्ट्रिक वाहन पर काम कर रही है।