भारत में किआ कैरेंस एमपीवी का उत्पादन हुआ शुरू, फरवरी में होगी लॉन्च

भारत में किआ कैरेंस को 6-सीटर और 7-सीटर लेआउट के साथ तीन इंजन विकल्प मिलेंगे और इसे फरवरी 2022 में लॉन्च किया जाएगा

किआ ने वैश्विक स्तर पर अपनी आगामी क्रॉसओवर एमपीवी कैरेंस का पिछले महीने अनावरण किया था और यह कार भारत में फैमिली कार की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करने जा रही है। इस एमपीवी को देश में फरवरी 2022 में लॉन्च किय़ा जाएगा और अब ब्रांड ने भारत में इसका उत्पादन भी शुरू कर दिया है।

किआ इंडिया के अनंतपुर प्लांट से आज कैरेंस की पहली यूनिट को बाहर निकाला गया है। इसका अर्थ है कि अब देश में इसकी लॉन्च काफी करीब है। इस अवसर पर किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ Tae-Jin Park ने कहा कि हमारी टीमों ने एक ऐसा उत्पाद लाने के लिए अथक प्रयास किया है जो वास्तव में आधुनिक भारतीय परिवारों को प्रतिबिंबित और प्रतिध्वनित करता है।

उन्होंने कहा कि जब खरीददार किआ के बारे में सोचते हैं, तो वे सर्वश्रेष्ठ-इन-क्लास सुविधाओं, विशिष्ट डिज़ाइन पहचान और बेजोड़ स्वामित्व अनुभव की अपेक्षा करते हैं। किआ की यह खासियत वास्तव में कैरेंस में भी परिलक्षित होती है और हमें उम्मीद है कि यह कार भारतीय खरीददारों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।Kia Carens-3भारत में किआ कैरेंस को प्रीमियम, प्रेस्टीज, प्रेस्टीज प्लस, लग्जरी और लक्ज़री प्लस के साथ 5 ट्रिम में पेश किया जाएगा। टॉप-स्पेक लक्ज़री प्लस ट्रिम में विकल्प के रूप में 6-सीटिंग लेआउट उपलब्ध होगा, जबकि अन्य वेरिएंट में 7-सीट उपलब्ध होंगी। कोरियाई कार निर्माता इस एमपीवी को कुल मिलाकर 8 कलर विकल्पों में पेश करेगी, जिसमें इम्पीरियल ब्लू, मॉस ब्राउन स्पार्कलिंग सिल्वर, इंटेंस रेड, ऑरोरा ब्लैक पर्ल, ग्रेविटी ग्रे, ग्लेशियर व्हाइट पर्ल और क्लियर व्हाइट शामिल हैं।

आकार की बात करें तो कैरेंस 4,540 मिमी लंबी, 1,800 मिमी चौड़ी और 1,708 मिमी ऊँची है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,780 मिमी का है। फीचर्स के रूप में दूसरी पंक्ति की सीट के लिए वन-टच इलेक्ट्रिक टम्बल मिल रहा है, जबकि दूसरी और तीसरी पंक्ति के यात्रियों के लिए रूफ-माउंटेड एयर-कॉन वेंट, एडजस्टेबल हेडरेस्ट, एलसीडी इंस्ट्रूमेंट कंसोल और सभी चारों पावर विंडो जैसी सुविधाएँ स्टैंडर्ड हैं।Kia Carens-2इसके अलावा अन्य प्रीमियम सुविधाओं में पैनोरैमिक सनरूफ, 8 स्पीकर के साथ बोस प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले, ओटीए मैप और सिस्टम अपडेट, एयर प्यूरीफायर और बहुत कुछ शामिल हैं, जबकि सेफ्टी के लिए इसे 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, टायर प्रेसर मानिटरिंग सिस्टम आदि दिया गया है।

किआ कैरेंस अपने पावरट्रेन सेल्टोस से साझा करेगी और इनमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड यूनिट (115 पीएस/ 144 एनएम), 1.5-लीटर CRDi डीजल इंजन (115 पीएस/ 250 एनएम) और 1.4-लीटर GDi टर्बो पेट्रोल यूनिट (140 पीएस/ 242 एनएम) शामिल हैं। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर और 7-स्पीड डीसीटी यूनिट शामिल है।