Kia Carens Clavis EV के GTX और X-Line वेरिएंट की कीमतें लॉन्च से पहले हुई लीक

भारतीय बाजार में Kia Carens Clavis EV को जल्द ही 6-सीटर लेआउट और GT Line और X-Line ट्रिम्स के साथ पेश किया जाएगा

किआ इंडिया जल्द ही Carens Clavis EV की लाइनअप को और बड़ा करने की तैयारी कर रही है। लीक हुई जानकारी के अनुसार नए वेरिएंट, सीटिंग ऑप्शन और कई वेरिएंट्स की संभावित कीमतों की जानकारी सामने आई है। इस अपडेट की सबसे बड़ी खासियत 6-सीटर कॉन्फ़िगरेशन का शामिल होना हो सकता है। जानकारी के मुताबिक यह लेआउट दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीट्स के साथ आएगा और HTX E वेरिएंट से उपलब्ध होगा।

ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार 6-सीटर या 7-सीटर विकल्प चुन सकेंगे। खास बात यह है कि 6-सीटर सेटअप केवल एक बैटरी विकल्प तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे दोनों बैटरी पैक के साथ पेश किया जा सकता है। लीक जानकारी के अनुसार Kia Carens Clavis EV में 42 kWh स्टैंडर्ड रेंज बैटरी और 51.4 kWh एक्सटेंडेड रेंज बैटरी का विकल्प मिलेगा।

Clavis EV में फ्रंट में लगा सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो 171 PS की पावर और 255 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बड़े 51.4 kWh बैटरी पैक की ARAI प्रमाणित रेंज 490 किमी तक है। वहीं 42 kWh बैटरी पैक 135 PS की पावर और 255 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इस वर्जन की ARAI प्रमाणित रेंज लगभग 404 किमी बताई गई है। दोनों बैटरी विकल्पों में फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। स्टैंडर्ड रेंज बैटरी एंट्री लेवल वेरिएंट में रहेगी जबकि बड़ा बैटरी पैक ऊपरी वेरिएंट्स में दिया जाएगा।

kia-carens-clavis-ev-gt-line-x-line-six-seater

साथ ही GT Line और X-Line वेरिएंट्स की कीमतों की भी जानकारी सामने आई है। GT Line को GTX और GTX Plus ट्रिम्स में पेश किया जा सकता है और दोनों में केवल 51.4 kWh एक्सटेंडेड रेंज बैटरी ही दी जाएगी। इनकी कीमत क्रमशः लगभग 22.99 लाख रुपये और 24.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) बताई जा रही है। इन वेरिएंट्स में सामान्य HT वेरिएंट्स के मुकाबले ज्यादा स्पोर्टी डिजाइन और कुछ अलग स्टाइलिंग एलिमेंट्स मिलने की उम्मीद है।

वहीं 6-सीटर लेआउट के साथ HTX E स्टैंडर्ड रेंज वेरिएंट की कीमत लगभग 19.99 लाख रुपये हो सकती है, जबकि एक्सटेंडेड रेंज HTX E वेरिएंट करीब 21.99 लाख रुपये में आ सकता है। लाइनअप के टॉप पर X-Line वेरिएंट होगा जिसकी कीमत लगभग 24.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) बताई जा रही है, जिससे यह Clavis EV रेंज का सबसे महंगा मॉडल बन सकता है।

carens clavis EV (1)

लीक हुई जानकारी के मुताबिक ऑन-रोड कीमत करीब 27 लाख रुपये तक पहुंच सकती है, जो वारंटी पैकेज, एक्सेसरीज़ और चार्जिंग विकल्पों पर निर्भर करेगी। हालांकि GT Line और X-Line वेरिएंट्स में होने वाले डिजाइन बदलावों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि इनमें अलग स्टाइलिंग, खास ट्रिम एक्सेंट और वेरिएंट-विशेष कॉस्मेटिक अपडेट दिए जाएंगे।