भारत में किआ कैरेंस की मांग के साथ इसकी प्रतीक्षा अवधि भी बढ़ गई है, जो वेरिएंट के आधार पर 13-14 सप्ताह से लेकर 11 महीने तक है
किआ इंडिया ने 15 फरवरी 2022 को भारत में अपनी तीन पंक्ति वाली एमपीवी कैरेंस को लॉन्च किया था और इसे बाजार में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। कंपनी ने कहा है कि कैरेंस की बुकिंग का आंकड़ा 50,000 यूनिट के पार हो गया है और डीजल व पेट्रोल दोनों वेरिएंट की मांग लगभग बराबर है। कंपनी को लगभग 60 प्रतिशत की बुकिंग टियर 1 और 2 बाजारों से मिली है।
किआ कैरेंस की इस भारी मांग ने इसकी प्रतीक्षा अवधि को भी ज्यादा कर दिया है। वेरिएंट के आधार पर कैरेंस की प्रतीक्षा अवधि लग्जरी प्लस ट्रिम के लिए 13-14 सप्ताह से लेकर 48-49 सप्ताह और प्रेस्टीज वेरिएंट के लिए 11 महीने तक है। इस तरह स्पष्ट है कि किआ कैरेंस ने बाजार में खरीददारों के एक बड़े वर्ग का ध्यान आकर्षित किया है।
इस अवसर पर किआ इंडिया के मुख्य बिक्री अधिकारी Myung-Sik Sohn ने कहा कि कैरेंस के लिए इस प्रतिक्रिया ने फैमिली मूवर सेगमेंट में पहले कभी उत्साह पैदा नहीं किया है और यह उस उत्साह से मेल खाता है जो हमारी अन्य एसयूवी ने उत्पन्न किया है। हमारे लिए यह अवसर बहुत उत्साहजनक है। हमने मांग को पूरा करने के लिए अपने अनंतपुर प्लांट में उत्पादन की तीसरी पारी शुरू की है।
कंपनी ने यह भी कहा है कि उसका प्रयास सेमीकंडक्टर की कमी के बीच भी उत्पादन करना व समय पर डिलीवरी देना है। भारत में कैरेंस को प्रीमियम, प्रेस्टीज, प्रेस्टीज प्लस, लग्जरी और लक्ज़री प्लस के साथ 5 ट्रिम्स में पेश किया गया है। खरीददारों के लिए यह कार 7-सीटर के साथ-साथ 6-सीटर विकल्प में भी उपलब्ध है और इसकी कीमत 8.99 लाख रूपए से लेकर 16.99 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है। कंपनी ने फरवरी 2022 में कैरेंस की 5,300 यूनिट की बिक्री की है।इसे कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स मिलते हैं, जो इसे प्रतिस्पर्धी कार बनाते हैं।
यह कार किआ कनेक्ट ऐप, स्लाइडिंग टाइप सीट अंडरट्रे और वापस लेने योग्य सीट बैक टेबल के साथ आती है। इसमें कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी के साथ 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, बोस 8 स्पीकर साउंड सिस्टम और 64 कलर एंबियंट लाइटिंग के साथ इलेक्ट्रिक सनरूफ, फ्रंट में वेंटिलेटेड सीट और डिजिटाइज्ड ड्राइवर डिस्प्ले भी मिलता है, जबकि 6 एयरबैग, स्टैंडर्ड के रूप में ESP, व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट, हिल असिस्ट, हिल डिसेंट ब्रेक कंट्रोल और सभी 4 व्हील्स पर डिस्क ब्रेक सेफ्टी फीचर्स का हिस्सा है।
किआ कैरेंस को तीन इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है, जिसमें पहला 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (114 एचपी/144 एनएम), दूसरा 1.4 लीटर टर्बो पेट्रोल (138 एचपी/242 एनएम) और तीसरा 1.5 लीटर सीआरडीआई डीजल (114 एचपी/250 एनएम) इंजन है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड डीसीटी ऑटोमेटिक और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल है।