पिछले हफ्ते लागू हुए नए GST नियमों के बाद Kia ने अपनी सभी पेट्रोल और डीजल कारों की कीमतें घटा दी हैं और इनमें से सबसे ज्यादा फायदा कार्निवल को मिला है
पिछले हफ्ते सरकार द्वारा कारों पर जीएसटी दरों में कमी किए जाने के बाद किआ ने अपने आईसीई (पेट्रोल/डीजल) मॉडल की कीमतों में भारी कटौती की घोषणा की है। कंपनी यह पूरा फायदा ग्राहकों तक 22 सितंबर से पहुँचाएगी। भारत में ज़्यादातर कार कंपनियों ने फैसला किया है कि वे GST 2.0 से मिली टैक्स छूट का फायदा सीधे ग्राहकों को देंगे।
किया सोनेट कंपनी की सबसे किफायती एसयूवी है और अब इसकी कीमत में 1,64,471 रुपये तक की कटौती हुई है।फिलहाल इसकी कीमत 7,99,900 रुपये से लेकर 15,63,900 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। यह कंपनी का सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल भी है।
भारतीय बाजार में किआ सिरोस की बिक्री अब तक कमजोर रही है और अब नए GST लागू होने के बाद इसकी कीमत में 1,86,003 रुपये तक की बड़ी कटौती होगी। अभी इसकी कीमत 9,49,900 रुपये से लेकर 17,79,900 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। जुलाई में, सोनेट की 7,627 यूनिट बिकीं थी, जबकि सिरोस की केवल 834 यूनिट ही बिकीं।
| मॉडल | कीमत में कमी (22nd Sep’25) |
| Sonet | 1,64,471 रुपये |
| Syros | 1,86,003 रुपये |
| Seltos | 75,372 रुपये |
| Carens | 48,513 रुपये |
| Carens Clavis | 78,674 रुपये |
| Carnival | 4,48,542 रुपये |

वहीं किआ सेल्टोस की कीमत में 75,372 रुपये तक कटौती हुई है और इसकी मौजूदा कीमत 11,18,900 रुपये से लेकर 20,55,900 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। वर्तमान में किआ नए जनरेशन मॉडल पर काम कर रही है और इसके 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद है। वहीं 2028 तक इसे हाइब्रिड इंजन इंजन के साथ भी लॉन्च किया जाएगा। भारत सरकार 4,000 मिमी से ज़्यादा लंबी सभी कारों (सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों को छोड़कर) को लग्ज़री गाड़ियों की तरह मान रही है और उन पर टैक्स लगा रही है। पहले इन पर 45-50% GST लगता था, जिसे अब घटाकर 40 फीसदी कर दिया गया है।
किआ कैरेंस की कीमत में 48,513 रुपये तक की कमी होगी। वहीं इसके फेसलिफ्ट वर्जन कैरेंस क्लैविस की कीमत में 78,674 रुपये तक की कटौती होगी। किआ कैरेंस क्लैविस ईवी और किआ EV6 की कीमत में कोई बदलाव नहीं होगा क्योंकि इलेक्ट्रिक वाहनों पर जीएसटी पहले से ही 5 फीसदी है। वहीं किआ की कार्निवल एमपीवी पर सबसे ज्यादा 4,48,542 रुपये की कटौती होगी। अभी इसकी कीमत 63,91,000 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) है।

नई किआ कार्निवल में लग्ज़री और सुविधा के लिए डिज़ाइन किए गए कई प्रीमियम फ़ीचर्स हैं। इसमें 12-स्पीकर वाला बोस ऑडियो सिस्टम, वेंटिलेशन और लेग सपोर्ट वाली दूसरी पंक्ति की पावर्ड सीटें, आसान पहुँच के लिए वन-टच पावर स्लाइडिंग डोर, दो सनरूफ, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट करने वाला 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच का इंस्ट्रूमेंट कंसोल शामिल हैं।