
JSW MG मोटर इंडिया का नया ADAPT प्लेटफॉर्म भविष्य में आने वाली इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड, प्लग-इन हाइब्रिड और रेंज-एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक गाड़ियों में इस्तेमाल किया जाएगा
JSW MG Motor India ने भारत में अपना नया ADAPT (Advance Drive Architecture Platform Technology) प्लेटफॉर्म पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह भारत का पहला मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म है, जिस पर इलेक्ट्रिक (EV), हाइब्रिड (HEV), प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) और रेंज-एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक व्हीकल (REEV) जैसे अलग-अलग पावरट्रेन वाली गाड़ियां तैयार की जा सकती हैं।
कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि FY 2026-27 के अंत तक इस नए प्लेटफॉर्म पर आधारित एक नई इलेक्ट्रिक कार और एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV भारतीय बाजार में लॉन्च की जाएगी। MG फिलहाल Windsor EV की सफलता के बाद अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
MG जल्द ही भारत में प्लग-इन हाइब्रिड SUV लॉन्च करेगी। माना जा रहा है कि यह SUV अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाली Wuling Starlight 560 पर आधारित हो सकती है। इसमें पेट्रोल इंजन और बड़ी बैटरी का कॉम्बिनेशन मिलेगा, जिससे कार लंबी दूरी तक सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर चल सकेगी। इसके बाद जरूरत पड़ने पर पेट्रोल इंजन बैटरी को चार्ज करने का काम करेगा। इसी प्लेटफॉर्म पर एक नई पूरी तरह इलेक्ट्रिक एसयूवी भी लाई जा सकती है।
ADAPT प्लेटफॉर्म में हाइब्रिड के लिए खास पेट्रोल इंजन, नई बैटरी तकनीक, भारत का पहला 10-in-1 Intelligent Electric Drive Unit और दुनिया का पहला इलेक्ट्रोमैग्नेटिक डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन दिए गए हैं। 10-in-1 ड्राइव यूनिट कई इलेक्ट्रिकल सिस्टम को एक ही यूनिट में जोड़ती है, जिससे जगह कम लगती है और दक्षता बढ़ती है।
कंपनी का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल होने वाला हाइब्रिड पेट्रोल इंजन खास तौर पर इलेक्ट्रिफाइड वाहनों के लिए तैयार किया गया है, ताकि बेहतर माइलेज और ज्यादा थर्मल एफिशिएंसी मिल सके। इसमें इंटेलीजेंट एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है, जो ड्राइविंग के दौरान खुद तय करता है कि कौन-सा मोड सबसे बेहतर रहेगा।

इस प्लेटफॉर्म में चार ड्राइविंग मोड दिए गए हैं, जो ड्राइविंग की स्थिति के अनुसार अपने आप काम करते हैं। Pure Electric Drive मोड में कार कम स्पीड पर केवल बैटरी की मदद से चलती है। वहीं Series Hybrid Drive में पेट्रोल इंजन सिर्फ बिजली पैदा करता है, जबकि गाड़ी इलेक्ट्रिक मोटर से चलती है। Parallel Hybrid Drive के दौरान तेज एक्सीलरेशन की जरूरत होने पर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों मिलकर पावर देते हैं। वहीं Engine Direct Drive मोड में हाईवे पर बेहतर माइलेज के लिए पेट्रोल इंजन सीधे पहियों को पावर पहुंचाता है।
यह प्लेटफॉर्म Range Extender Electric Vehicle (REEV) तकनीक को भी सपोर्ट करता है। इसमें पेट्रोल इंजन केवल जनरेटर की तरह काम करता है, जबकि गाड़ी हमेशा इलेक्ट्रिक मोटर से ही चलती है। इस तकनीक की मदद से कार ज्यादातर समय इलेक्ट्रिक मोटर से चलती है। वहीं, जब बैटरी का चार्ज कम होने लगता है, तो सिस्टम अपने आप ड्राइविंग रेंज बढ़ाने का काम करता है, जिससे लंबी दूरी तय करना आसान हो जाता है। MG का कहना है कि नया ADAPT प्लेटफॉर्म भविष्य की गाड़ियों के विकास का समय कम करेगा और बेहतर रेंज, चार्जिंग क्षमता, रिफाइनमेंट, सुरक्षा और परफॉर्मेंस देने में मदद करेगा।