Jetour T2 को भारत में असेंबल किया जाएगा और इसकी शुरुआती कीमत लगभग 45 लाख रुपये होने की उम्मीद है
JSW ग्रुप की SAIC की MG Motor के साथ जॉइंट वेंचर साझेदारी है, फिर भी समूह अपनी खुद की अलग कार ब्रांड लॉन्च करने की तैयारी में जुटा हुआ है। इसके लिए JSW Motors Limited नाम से एक अलग कंपनी बनाई गई है। लॉन्च होने के बाद यह भारत की सबसे नई कार ब्रांड्स में से एक होगी। कई वाहन निर्माताओं के साथ बातचीत के बाद आखिरकार JSW ने चीन की Chery Automobile के साथ मिलकर अपनी स्वतंत्र ऑटोमोबाइल यात्रा शुरू करने का फैसला किया है।
ऑटोकार इंडिया की एक अलग रिपोर्ट के मुताबिक, JSW की पहली कार चीन की कंपनी Chery के Jetour ब्रांड की D-सेगमेंट SUV T2 का रीबैज्ड वर्जन होगी। JSW Motors Limited जून में अपना पहला मॉडल लॉन्च करेगी। यह एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV (PHEV) होगी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
Jetour T2 की लंबाई 4,785 मिमी, चौड़ाई 2,006 मिमी, ऊंचाई 1,875 मिमी है और इसका व्हीलबेस 2,800 मिमी है। Jetour इसे एक ऑफ-रोड SUV के तौर पर पेश करता है, इसलिए भारत में JSW इसे टोयोटा Fortuner की टक्कर में उतार सकती है। इसमें 205 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, 28 डिग्री का अप्रोच एंगल, 30 डिग्री का डिपार्चर एंगल और 700 मिमी तक पानी में चलने की क्षमता मिलती है।

चीन में Jetour T2 प्लग-इन हाइब्रिड को तीन वेरिएंट्स में बेचा जाता है। इसके बेस वेरिएंट में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 154 एचपी की पावर और 220 Nm का टॉर्क देता है। इसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलती हैं, जिससे कुल पावर 221 एचपी और टॉर्क 390 Nm हो जाता है। इसमें 27.2 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जो WLTC के अनुसार करीब 100 किमी तक की इलेक्ट्रिक रेंज देती है।
मिड वेरिएंट में वही पावरट्रेन मिलता है, लेकिन इसमें बड़ी 43.24 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जिससे इलेक्ट्रिक रेंज बढ़कर 162 किमी हो जाती है। टॉप वेरिएंट में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलती हैं, जो कुल 456 एचपी की पावर और 700 Nm का टॉर्क देती है। इसमें भी 43.24 kWh की बैटरी मिलती है और यह WLTC के अनुसार करीब 160 किमी तक EV मोड में चल सकती है।

भारत में JSW के सिर्फ बेस वेरिएंट को ही लॉन्च किए जाने की संभावना है। कंपनी इस SUV को चीन के फुझोउ (फुजियान प्रांत) स्थित Jetour प्लांट से CKD किट के रूप में मंगाकर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित फैक्ट्री में असेंबल करेगी। जून में लॉन्च से पहले, अप्रैल में इसके शुरुआती डिटेल्स सामने आने की उम्मीद है।