
Jeep Wrangler Willys 1941 Special Edition की कीमत स्टैंडर्ड रैंगलर Rubicon से 2 लाख रुपये ज्यादा है, वहीं एक्सेसरी पैक के लिए 3.6 लाख रुपये अलग से देने होंगे
जीप इंडिया ने अपने ऐतिहासिक सैन्य विरासत को सम्मान देते हुए Jeep Wrangler Willys 1941 Special Edition को दोबारा भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। इससे पहले भी यह स्पेशल एडिशन पेश किया गया था और कंपनी के अनुसार इसे ग्राहकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी, जिसके चलते इसकी सभी यूनिट्स जल्दी बिक गई थीं।
यह स्पेशल एडिशन देशभर के अधिकृत जीप डीलरशिप्स पर उपलब्ध है। इसकी कीमत स्टैंडर्ड Rubicon वेरिएंट (जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 68.31 लाख रुपये है) से 2 लाख रुपये ज्यादा रखी गई है। वहीं, वैकल्पिक एक्सेसरी पैक की कीमत 3.6 लाख रुपये है। यह खास एडिशन 1941 की मूल Willys MB से प्रेरित है, जिसने दुनिया भर में Jeep की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
नया मॉडल उसी क्लासिक डिजाइन से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है, लेकिन इसमें मौजूदा Jeep Wrangler Rubicon की मजबूत ऑफ-रोड क्षमता को बरकरार रखा गया है। Jeep Wrangler Willys 1941 Special Edition की कुल सिर्फ 41 गाड़ियां ही बनाई जाएंगी। इसलिए यह भारत में मिलने वाली सबसे खास और कम संख्या वाली Wrangler में से एक है। हर गाड़ी पर अलग तरह के खास स्टिकर और पहचान निशान दिए गए हैं, जो इसके फौजी इतिहास और लिमिटेड एडिशन होने को दिखाते हैं।

फीचर्स की बात करें तो Wrangler Willys 1941 स्पेशल एडिशन में पावर्ड साइड स्टेप्स दिए गए हैं, जिससे अंदर-बाहर आना आसान हो जाता है। इसके अलावा इंटीग्रेटेड डैश कैम सिस्टम भी लगाया गया है। इसकी एडवेंचर अपील को और बढ़ाने के लिए कुछ खास एक्सेसरीज भी जोड़ी गई हैं।
ग्राहक चाहें तो इसे एक वैकल्पिक एक्सेसरी पैक के साथ और भी खास बना सकते हैं। इस पैक में रूफ-माउंटेड कैरियर, साइड लैडर और ‘Sunrider’ रूफटॉप सिस्टम शामिल है। मैकेनिकल रूप से यह एसयूवी Wrangler Rubicon के समान ही है, जिसमें मजबूत फोर-व्हील-ड्राइव सिस्टम और ऑफ-रोड हार्डवेयर दिया गया है।

इस मौके पर Stellantis India के बिजनेस हेड और डायरेक्टर (ऑटोमोटिव ब्रांड्स), कुमार प्रियांश ने कहा कि “Willys की विरासत सिर्फ एक कहानी नहीं है, बल्कि यह Jeep की पहचान की बुनियाद है। Wrangler Willys 41 2.0 उसी विरासत को सम्मान देने के लिए लाई गई है, जिसमें पुराने जमाने का क्लासिक लुक और आज की आधुनिक तकनीक का शानदार मेल देखने को मिलता है।”