Jeep Meridian Track Edition में सिग्नेचर हुड डेकल, ट्रैक एडिशन बैजिंग, बॉडी पर पियानो ब्लैक फिनिश, और 18-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं
जीप ने आज भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम 7-सीटर एसयूवी Meridian Track Edition को लॉन्च किया है। यह एक लिमिटेड एडिशन है, जो मेरीडियन ओवरलैंड पर आधारित है। इस नए वर्जन की सबसे बड़ी खासियत है नई 140 मिमी फुल-फॉरवर्ड स्लाइडिंग सेकंड रो सीट, जो इसे अब तक की सबसे आरामदायक जीप मेरीडियन बनाती है। इस बदलाव से तीसरी पंक्ति की सीटों तक जाना आसान हो जाता है और लंबे सफर में यात्रियों को ज्यादा आराम मिलता है।
मेरीडियन ट्रैक एडिशन के साथ कंपनी Jeep Confidence 7 ओनरशिप प्रोग्राम भी दे रही है। इसमें ग्राहकों को 7 साल की वारंटी, गारंटीशुदा बायबैक, मेंटेनेंस पैकेज, रोडसाइड सहायता और प्रायोरिटी सर्विस जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इससे गाड़ी रखने और चलाने का अनुभव ज्यादा आसान और बेफिक्र हो जाता है।
मेरीडियन ट्रैक एडिशन को खास पहचान देने के लिए इसमें कई स्टाइलिंग अपडेट किए गए हैं। SUV में पियानो ब्लैक फिनिश के साथ ग्रिल, बैज और एक्सटीरियर मोल्डिंग दी गई है। इसके अलावा 18-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स, डार्क एस्प्रेसो ग्रिल के साथ न्यूट्रल ग्रे हाइलाइट्स, ट्रैक एडिशन हुड डीकल और एक्सक्लूसिव इंसिग्निया इसे और ज्यादा प्रीमियम लुक देते हैं।

केबिन के अंदर भी मेरीडियन ट्रैक एडिशन को खास ट्रीटमेंट मिला है। इसमें ड्यूल-टोन Tupelo इंटीरियर के साथ सूएड इंसर्ट्स, कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग और क्विल्टेड सीट्स दी गई हैं। डार्क एस्प्रेसो और पियानो ब्लैक एक्सेंट्स पूरे केबिन में देखने को मिलते हैं। इसके साथ ही लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, ट्रैक एडिशन एप्लिक और ब्रांडेड फ्लोर मैट्स प्रीमियम फील को और बढ़ाते हैं।
मेरीडियन ट्रैक एडिशन में 2.0-लीटर डीज़ल इंजन दिया गया है, जो 170 एचपी की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन सेगमेंट-फर्स्ट 9-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है और 2WD व 4WD दोनों ऑप्शन में उपलब्ध है। जीप का Selec-Terrain सिस्टम इसे अलग-अलग रास्तों पर बेहतर परफॉर्मेंस देने में मदद करता है।

फीचर्स की बात करें तो इसमें 10.1-इंच Uconnect 5 टचस्क्रीन (वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्राइड ऑटो के साथ), 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, प्रीमियम Alpine ऑडियो सिस्टम, ड्यूल-पेन पैनोरैमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड पावर सीट्स और Level-2 ADAS जैसी एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी दी गई है।