भारत का पहला इंटेलिजेंट इलेक्ट्रिक स्कूटर E3 TRION 99,999 रुपये में लॉन्च, 165 किमी तक की रेंज

E3 TRION इलेक्ट्रिक स्कूटर में 2.3 kWh की रिमूवेबल LFP बैटरी और 3 kWh की फिक्स्ड LFP बैटरी दी गई है

बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप E3 Electric.AI ने भारत में अपना पहला AI-पावर्ड इलेक्ट्रिक स्कूटर E3 TRION लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह देश का पहला इंटेलिजेंट इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।

यह स्कूटर तीन वेरिएंट C1, C1x और C2 में उपलब्ध होगा। कीमत की बात करें तो E3 TRION C1 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 99,999 रुपये, C1x की 1,09,999 रुपये और C2 की 1,19,999 रुपये रखी गई है। कंपनी ने बेंगलुरु में इसकी प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है, जबकि इसे जल्द ही इसे दूसरे शहरों में भी उपलब्ध कराया जाएगा।

E3 TRION की सबसे बड़ी खासियत इसकी AI-आधारित तकनीक है। इसमें AI HEALTHSCAN फीचर दिया गया है, जो सिर्फ 10 सेकंड में स्कूटर की स्थिति की जांच कर सकता है। इसके अलावा स्मार्ट ट्रिप प्लानर, चार्जिंग स्टेशन लोकेटर, प्रेडिक्टिव सर्विस अलर्ट, रिमोट बैटरी मॉनिटरिंग, लाइव नेविगेशन, जियो-फेंसिंग और SOS जैसी 100 से ज्यादा स्मार्ट सुविधाएं मिलती हैं।

E trion Electric Sccoter (1)

स्कूटर में 5-इंच का INSIGHT डिस्प्ले दिया गया है, जिसे स्मार्टफोन के साथ जोड़ा जा सकता है। इसके जरिए राइडर को नेविगेशन, वाहन की जानकारी और बैटरी स्टेटस जैसी जरूरी जानकारी आसानी से मिलती है। E3 TRION इलेक्ट्रिक स्कूटर को TRIAXISFRAME मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जिससे भविष्य में नए फीचर्स और अपग्रेड जोड़ना आसान होगा। कंपनी ने इसे पोर्टेबल और फिक्स्ड बैटरी के साथ पेश किया है।

बैटरी और परफॉर्मेंस की बात करें तो C1 वेरिएंट में 2.3 kWh की रिमूवेबल LFP बैटरी मिलती है, जबकि C1x और C2 में 3 kWh की फिक्स्ड LFP बैटरी दी गई है। C1x एक बार चार्ज करने पर 165 किमी (IDC) की रेंज देने का दावा करता है। वहीं, टॉप वेरिएंट C2 की अधिकतम रफ्तार 82 किमी/घंटा है और यह 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 6 सेकेंड में पकड़ सकता है। इसमें Eco, Power और Sport जैसे राइडिंग मोड भी दिए गए हैं।

E trion Electric Sccoter (2)

राइडिंग को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए E3 TRION में 14-इंच के बड़े व्हील्स, ड्यूल प्रोजेक्टर LED हेडलाइट, LED टेललाइट, IP67 प्रोटेक्शन और 52 लीटर तक का स्टोरेज स्पेस दिया गया है। इसके अलावा कंपनी बैटरी पर 8 साल या 1 लाख किलोमीटर तक की वारंटी भी दे रही है। यह स्कूटर छह रंगों में उपलब्ध होगा और इसके साथ कई एक्सेसरीज़ का विकल्प भी मिलेगा। AI आधारित फीचर्स, लंबी वारंटी और स्मार्ट टेक्नोलॉजी के दम पर E3 Electric.AI भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है।