भारत के लिए Hyundai का मेगा प्लान – EVs से लेकर हाइब्रिड और पेट्रोल-डीज़ल कारों तक

Hyundai वित्त वर्ष 2030 तक भारत में नए ICE, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन सहित 26 नए मॉडल लॉन्च करेगी

हुंडई ने भारतीय बाजार के लिए एक नई रणनीति तैयार की है, जिसके तहत कंपनी 2030 के अंत तक 26 नई कारों को लॉन्च करने की योजना बना रही है। इस लाइनअप में से 20 मॉडल पेट्रोल-डीजल इंजन के साथ आएंगे, जबकि 6 मॉडल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक होंगे। कार निर्माता पारंपरिक खरीदारों और बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन ग्राहकों, दोनों की मांग को पूरा करने की कोशिश कर रहा है।

कोरियाई कंपनी हुंडई अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की रेंज बढ़ाने की तैयारी में है। इसके लिए वह नए बैटरी वाले मॉडल्स लाएगी, जिनका उत्पादन भारत में ही किया जाएगा। कंपनी के रोडमैप में भारत और विदेश दोनों के लिए गाड़ियाँ शामिल होंगी, जिनमें एसयूवी सबसे अहम होंगी। साथ ही, हुंडई यह भी सुनिश्चित करेगी कि ज़्यादातर पार्ट्स और टेक्नोलॉजी को देश में ही तैयार किया जाए।

भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी प्रमुख शहरों और बाज़ारों में चार्जिंग नेटवर्क मजबूत करने पर काम कर रही है, ताकि भविष्य में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का विस्तार आसान हो सके। अभी इसके ईवी पोर्टफोलियो में सिर्फ आयोनिक 5 और क्रेटा इलेक्ट्रिक हैं। आने वाले समय में आयोनिक 9 भी भारत में एक अहम मॉडल के रूप में शामिल हो सकती है।

hyundai ioniq 9 2

अटकलें लगाई जा रही हैं कि हुंडई आने वाले वर्षों में वेन्यू और i10 के इलेक्ट्रिक संस्करण पेश कर सकती है। वहीं, अगली पीढ़ी की वेन्यू इस त्योहारी सीज़न में नए फीचर्स और तकनीकों के साथ नए एक्सटीरियर और इंटीरियर डिज़ाइन के साथ लॉन्च होगी। इसके अलावा, हुंडई एक बेयोन-आधारित कॉम्पैक्ट एसयूवी पर भी काम कर रही है।

कंपनी कथित तौर पर भारत के लिए इंस्टर ईवी पर आधारित एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने पर विचार कर रही है, जिसे 2026 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इसके बाद 2027 के आसपास क्रेटा इलेक्ट्रिक का अपडेट भी आ सकता है। साथ ही, कंपनी अपनी पेट्रोल-डीज़ल वाली गाड़ियों के लाइनअप को भी मजबूत बनाए रखेगी। इसमें ग्रैंड i10 निओस और i20 जैसी पॉपुलर कारों के नए फेसलिफ़्टेड वर्ज़न शामिल होंगे।

NEW GEN HYUNDAI VENUE RENDERING

कहा जा रहा है कि हुंडई अपने मास-मार्केट लाइनअप के लिए हाइब्रिड तकनीक पर भी काम कर रही है। अगली पीढ़ी की क्रेटा और एक बिल्कुल नई 7-सीटर एसयूवी के 2027 तक हाइब्रिड इंजन के साथ लॉन्च होने की उम्मीद है। जिसे अल्काज़ार और टक्सन के बीच रखा जाएगा। दोनों मॉडल्स में हाइब्रिड टेक्नॉलॉजी लाने के लिए कंपनी मौजूदा 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन को आधार बना सकती है।