
Hyundai Verna SX+ में 8 स्पीकर वाला बोस ऑडियो, फ्रंट वेन्टीलेटेड और हीटेड सीट्स, लेदर सीट अपहोल्स्ट्री आदि जैसी सुविधाएँ मिलती हैं
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने Verna रेंज में नया SX+ वेरिएंट पेश किया है। SX+ वेरिएंट मैनुअल और iVT ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ आता है, साथ ही नए फीचर्स के शामिल होने से यह एक बेहतरीन विकल्प बन गया है। इस वेरिएंट में मुख्य रूप से 8 स्पीकर वाला बोस ऑडियो, आगे बैठने वालों के लिए हवादार और गर्म सीटें, लेदर सीट अपहोल्स्ट्री, फ्रंट-माउंटेड पार्किंग सेंसर और LED हेडलैंप शामिल हैं।
2025 हुंडई वर्ना SX+ वेरिएंट के मैनुअल ट्रांसमिशन की कीमत 13.79 लाख रुपये है, जबकि iVT से लैस SX+ की कीमत 15.04 लाख रुपये (दोनों कीमतें एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने Verna रेंज का विस्तार करने के अलावा नया वायर्ड टू वायरलेस एडाप्टर भी पेश किया है।
जिसे इसके सात मॉडलों – ग्रैंड आई10 एनआईओएस, एक्सटर, वर्ना, ऑरा, वेन्यू, वेन्यू एन लाइन और अल्काजार में सहज वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो एक्सेस प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह इनोवेशन अपने ग्राहकों के लिए डिजिटल और कनेक्टेड कार अनुभव को बढ़ाने के लिए एचएमआईएल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

SX+ वेरिएंट को Verna की रेंज में शामिल किए जाने और वायरलेस एडॉप्टर द्वारा इन-कार तकनीक की पहुँच को बढ़ाने के साथ, हुंडई को उम्मीद है कि Verna ग्राहकों के एक बड़े समूह को आकर्षित करेगी। हुंडई वर्ना ने भविष्य की स्टाइलिंग, उन्नत तकनीक, विशाल इंटीरियर और रोमांचक प्रदर्शन के साथ इस सेगमेंट को फिर से परिभाषित किया है। साथ ही इस सेडान को ग्लोबल NCAP में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग भी मिली है।
वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने अल्काज़ार लाइनअप में भी एक नया डीज़ल-पावर्ड कॉर्पोरेट वेरिएंट पेश किया है और प्रेस्टीज ट्रिम में 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन पेश करके पेट्रोल रेंज में ऑटोमैटिक विकल्पों का विस्तार किया है। 17,86,700 रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होने वाला कॉर्पोरेट डीज़ल वेरिएंट अब 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दोनों के साथ उपलब्ध है।
उम्मीद है कि हुंडई इस साल के अंत से पहले भारत में अगली पीढ़ी की वेन्यू लॉन्च करेगी और इसमें अंदर और बाहर कई बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें मौजूदा पावरट्रेन और ट्रांसमिशन विकल्प बरकरार रह सकते हैं। साथ ही आयोनिक 5 इलेक्ट्रिक के फेसलिफ्ट वर्जन को भी लॉन्च किया जाएगा।