भारत में हुंडई वेर्ना की बादशाहत कायम, अप्रैल 2023 में 4,000 से अधिक यूनिट की हुई बिक्री

new gen verna_

नई जेनेरशन हुंडई वेर्ना ने लगातार दूसरे महीने होंडा सिटी को बिक्री के मामले में पीछे छोड़ा है और अप्रैल 2023 में इसकी 4,000 से अधिक यूनिट की बिक्री हुई है

अप्रैल 2023 में हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भारतीय बाजार में अपनी नई पीढ़ी की वेर्ना सेडान की 4,001 यूनिट की बिक्री की है। कंपनी ने इसकी बदौलत मध्यम आकार की सेडान बिक्री चार्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं पिछले साल इसी अवधि के दौरान वेर्ना सेडान की 781 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 412 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।

वहीं इसकी प्रतिद्वंदी होंडा सिटी ने कुल 1,920 यूनिट के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। साल 2022 के इसी महीनें में होंडा सिटी की 2,300 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की गिरावट है। वहीं स्कोडा स्लाविया पिछले महीने कुल 1,585 यूनिट के साथ तीसरी सबसे अधिक बिकने वाली मध्यम आकार की सेडान रही है।

वहीं अप्रैल 2022 में इसकी 2,431 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 35 फीसदी की गिरावट है। वहीं वोक्सवैगन वर्चुस ने भारतीय बाजार में कुल 1,481 यूनिट की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया है, जबकि मारुति सुजुकी सियाज की पिछले महीने 1,017 यूनिट की बिक्री हुई है, जो पिछले साल की समान अवधि में बेचीं गई 579 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 76 फीसदी की वृद्धि है।

मिडसाइज सेडान अप्रैल 2023 अप्रैल 2022
1. हुंडई वेर्ना (412%) 4,001 781
2. होंडा सिटी (-17%) 1,920 2,300
3. स्कोडा स्लाविया (-35%) 1,586 2,431
4. वोक्सवैगन वर्चुस 1,481
5. मारुति सियाज़ (76%) 1,017 579

आपको बता दें कि मार्च 2023 में हुंडई ने भारत में नई वेर्ना को इंटीरियर और एक्सटीरियर में बदलाव करते हुए पेश किया है। कंपनी ने वैश्विक सोनाटा और एलांट्रा से डिजाइन प्रेरणा लेते हुए, 2023 वेर्ना को 1.5 लीटर 4-सिलेंडर एनए पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया है। ये इंजन 115 पीएस की अधिकतम पावर आउटपुट और 144 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क विकसित करता है।

वहीं अब कंपनी ने 1.5 लीटर डीजल इंजन को बंद कर दिया है और अब इसमें 1.5 लीटर टर्बो जीडीआई पेट्रोल इंजन पेश किया गया है। यह इंजन 160 पीएस की अधिकतम पावर आउटपुट और 253 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क विकसित करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड एमटी, आईवीटी, 6-स्पीड एमटी और डीसीटी शामिल हैं।

कार में पेश किए गए फीचर्स की बात करें तो नई वर्ना में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-डिजिटल कंसोल, मानक के रूप में 6 एयरबैग, सनरूफ, ADAS आधारित सुरक्षा और सहायक तकनीक और कनेक्टेड कार जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी इसे 10.90 लाख रूपए से लेकर 17.38 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर बेचती है।