ग्लोबल K1 एन्हांस्ड प्लेटफॉर्म पर बनी यह एसयूवी 65 से ज्यादा एडवांस सेफ्टी फीचर्स के साथ सेफ्टी को नए स्तर पर ले जाती है, जिनमें से 33 सेफ्टी फीचर्स सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड दिए गए हैं
हुंडई वेन्यू को कुछ महीनों पहले ही नया जनरेशन अपडेट मिला था और अब इसकी सेफ्टी रेटिंग पता करने के लिए इसको भारत NCAP क्रैश टेस्ट में परखा गया है। इस कॉम्पैक्ट SUV ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 31.15 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 44.46 अंक हासिल किए, जिससे यह कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट की सबसे सुरक्षित कारों में शामिल हो गई है।
एडल्ट सेफ्टी के मामले में वेन्यू ने लगभग परफेक्ट प्रदर्शन किया। फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसे 16 में से 15.15 अंक मिले, जहाँ इसकी बॉडी स्ट्रक्चर की मजबूती और बेहतर एनर्जी एब्जॉर्प्शन देखने को मिला। साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसने पूरे 16 में से 16 अंक हासिल किए, जबकि साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में इसे “acceptable” रेटिंग दी गई।
चाइल्ड सेफ्टी के नतीजे भी काफी अच्छे रहे। इस SUV ने चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम के साथ डायनेमिक क्रैश टेस्ट में 24 में से 23.46 अंक और CRS इंस्टॉलेशन असेसमेंट में पूरे 12 में से 12 अंक हासिल किए। बाकी अंक व्हीकल असेसमेंट कैटेगरी से मिले, जहाँ इसे 13 में से 9 अंक मिले और कुल स्कोर 49 में से 44.46 रहा।

सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो वेन्यू स्टैंडर्ड तौर पर अच्छी तरह लैस है। इसमें ड्यूल फ्रंट एयरबैग, साइड कर्टेन एयरबैग और साइड चेस्ट एयरबैग के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, पैदल यात्रियों की सुरक्षा सिस्टम और सीट बेल्ट रिमाइंडर सभी वेरिएंट्स में दिए गए हैं। हालांकि, इसमें नी एयरबैग और साइड पेल्विस एयरबैग जैसे कुछ फीचर्स की कमी है।
ISOFIX माउंट्स केवल दूसरी पंक्ति की बाहरी सीटों पर ही दिए गए हैं और इसमें इंटीग्रेटेड चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम नहीं मिलता है। हालांकि, फ्रंट सीट पर चाइल्ड सीट लगाने के लिए मैनुअल एयरबैग कट-ऑफ स्विच दिया गया है, जिससे थोड़ी अतिरिक्त सुविधा मिलती है। टेस्ट किए गए मॉडल में डीजल वेरिएंट्स शामिल थे, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन के साथ आते हैं और इनका क्रैश टेस्ट वज़न 1,610 किलोग्राम दर्ज किया गया।

यह रेटिंग पेट्रोल और डीजल दोनों के कई वेरिएंट्स पर लागू होती है। मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर और व्यापक सेफ्टी फीचर्स के साथ नई हुंडई वेन्यू अपने सेगमेंट में एक बेहतरीन वैल्यू फॉर मनी SUV के रूप में उभरकर सामने आई है। लॉन्च के बाद से ही नई Hyundai Venue को ग्राहकों और एक्सपर्ट्स दोनों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और इसे 1 लाख से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं।