हुंडई ने 1 लाख बुकिंग की उपलब्धि पर वेन्यू का नया HX8 डीजल (AT) वेरिएंट लॉन्च किया है, जिसमें फ्रंट रो वेंटिलेटेड सीट्स, डुअल-टोन लेदरेट सीट्स, 4-वे इलेक्ट्रिक ड्राइवर सीट एडजस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने घोषणा की है कि उसकी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी Venue को भारत में 1 लाख से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं। इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए कंपनी ने इसका नया HX8 डीज़ल ऑटोमैटिक (AT) वेरिएंट भी पेश किया है। यह नया वेरिएंट ग्राहकों को बेहतर परफॉर्मेंस, ज्यादा सुविधा और फीचर्स देने के उद्देश्य से लाया गया है। इस वेरिएंट कि कीमत 13,69,900 रुपये रखी गई है। हुंडई वेन्यू की शुरुआती कीमत 9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
नया HX8 डीजल AT वेरिएंट कंपनी के भरोसेमंद U2 1.5-लीटर CRDi डीज़ल इंजन के साथ आता है, जिसे 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है। यह इंजन बेहतर माइलेज के साथ दमदार परफॉर्मेंस देने में सक्षम है। नए HX8 Diesel AT वेरिएंट में कई नए कम्फर्ट, सेफ्टी और कन्वीनियंस फीचर्स जोड़े गए हैं।
इसमें फ्रंट रो वेंटिलेटेड सीट्स, डुअल-टोन लेदरेट सीट्स (VENUE ब्रांडिंग के साथ), 4-वे इलेक्ट्रिक ड्राइवर सीट एडजस्ट, कंट्रोलर ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट, हुंडई ब्लूलिंक कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक के साथ ऑटो होल्ड और रियर डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा SUV में क्रैश पैड और सेंट्रल कंसोल पर एम्बिएंट लाइटिंग, ड्राइव मोड सेलेक्ट (Eco, Normal, Sport), ट्रैक्शन कंट्रोल मोड्स (Sand, Mud, Snow) और पैडल शिफ्टर्स जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जो ड्राइविंग अनुभव को और बेहतर बनाते हैं।

इस उपलब्धि और नए वेरिएंट के लॉन्च पर Hyundai Motor India Limited के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, Tarun Garg, ने कहा कि “नई हुंडई Venue को 1 लाख बुकिंग्स मिलना भारतीय ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज के ग्राहक स्मार्ट, कनेक्टेड और फीचर-रिच मोबिलिटी सॉल्यूशंस चाहते हैं और Venue इस जरूरत को पूरा करती है। उन्होंने आगे कहा कि नया HX8 Diesel Automatic वेरिएंट Venue लाइनअप को और मजबूत बनाता है और ग्राहकों को डीज़ल की बेहतर माइलेज, दमदार टॉर्क और आसान ऑटोमैटिक ड्राइविंग का शानदार मिश्रण प्रदान करता है।”
जनवरी 2026 में हुंडई ने वेन्यू HX5+ वेरिएंट को लॉन्च किया था, जिसमे रूफ रेल्स, क्वाड-बीम एलईडी हेडलाइट्स, रियर वाइपर और वॉशर, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर आदि फीचर्स जोड़े गए थे। वहीं फरवरी की शुरुआत में इस कॉम्पैक्ट SUV को बुकिंग शुरू होने के सिर्फ तीन महीने से थोड़ा ज्यादा समय में 80,000 से अधिक बुकिंग्स मिल चुकी थीं और कंपनी का कहना था कि इनमें लगभग 48 प्रतिशत ग्राहक पहली बार कार खरीदने वाले हैं।

हुंडई वेन्यू में 1.2-लीटर MPi पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो GDi पेट्रोल और 1.5-लीटर डीज़ल इंजन मिलते हैं। कंपनी ने अपने बिजनेस का विस्तार करते हुए कमर्शियल मोबिलिटी सेगमेंट में भी एंट्री की है और इसके तहत Prime HB और SD टैक्सी सेवाएं शुरू की हैं। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में विदेशी बाजारों में बिक्री साल-दर-साल 21 प्रतिशत बढ़ी है। अब कंपनी की कुल बिक्री में लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा एक्सपोर्ट का है।