Hyundai भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी 2 नई Hybrid SUVs – मिलेगी ज्यादा माइलेज

नई जनरेशन Hyundai Creta और नई प्रीमियम 7-सीटर एसयूवी को 2027 तक भारत में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक के साथ पेश किया जा सकता है

मारुति सुजुकी और टोयोटा की मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में हाइब्रिड कारों की सफलता ने ज्यादा निर्माताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आने वाले वर्षों में हुंडई, महिंद्रा और किआ जैसी प्रमुख कार निर्माता कंपनियां अपनी हाइब्रिड कारों के साथ इस क्षेत्र में कदम रख सकती हैं और कई ब्रांड इस संभावना को तलाश भी रहे हैं।

चौथी पीढ़ी की हुंडई क्रेटा पर काम चल रहा है, जिसे कंपनी ने आंतरिक रूप से SX3 नाम दिया है। इसे अगले कुछ सालों में लॉन्च करने की योजना है। इसका उत्पादन तमिलनाडु वाले प्लांट में ही होगा। इसके डिजाइन और फीचर्स में अपडेट की उम्मीद है, लेकिन इंजन और गियरबॉक्स के विकल्प ज्यादातर वैसे ही रह सकते हैं।

अगली पीढ़ी की क्रेटा में सबसे बड़ा अपडेट एक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन हो सकता है। इसके अलावा, हुंडई अपनी लाइनअप में अल्काजार और टुशों के बीच एक ऑल न्यू प्रीमियम एसयूवी भी लाने की तैयारी में है। इस 7-सीटर एसयूवी का निर्माण संभवतः हुंडई के तालेगांव प्लांट में किया जाएगा, जिसे जनरल मोटर्स से खरीदा गया है।

Hyundai creta N Line
Current Creta

उम्मीद है कि हुंडई की बड़ी एसयूवी चीन में बिकने वाली एक्सटेंडेड-व्हीलबेस टुशों पर आधारित हो सकती है, जिसकी लंबाई लगभग 4.68 मीटर है। ऐसा करके, ब्रांड अल्काजार का एक ज्यादा स्पेशियस विकल्प तैयार कर सकता है। खबरों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर निर्मित एक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम की योजना बनाई जा रही है, जिसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन को इलेक्ट्रिक मोटर और एक बड़े बैटरी पैक के साथ जोड़ा जाएगा।

कोडनेम Ni1i के साथ, हुंडई की आगामी एसयूवी को महिंद्रा XUV700, MG Hector Plus और Tata Safari जैसी सेगमेंट की दिग्गज कारों के मुकाबले उतारा जा सकता है और इसके 6 और 7 सीटों वाले दोनों वेरिएंट में आने की उम्मीद है। किफायती कारों को प्राथमिकता देने वाले खरीदारों को स्टैंडर्ड हाइब्रिड सेटअप का विकल्प खास तौर पर आकर्षक लग सकता है।

hyundai tucson hybrid
Representational

इसके अलावा हुंडई अक्टूबर में नई जनरेशन वेन्यू को भी लॉन्च करेगी, जिसमें वर्तमान मॉडल के मुकाबले डिज़ाइन और फीचर्स में बड़े बदलाव होंगे। हालांकि इंजन में बदलाव की उम्मीद नहीं है। वहीं इस साल के अंत तक आयोनिक 5 फेसलिफ्ट को लॉन्च करने की भी योजना है।