
हुंडई प्राइम टैक्सी रेंज में ग्रैंड i10 निओस पर आधारित प्राइम HB हैचबैक और ऑरा पर आधारित प्राइम SD सेडान शामिल है
हुंडई मोटर इंडिया ने प्राइम टैक्सी रेंज लॉन्च कर कमर्शियल सेगमेंट में एंट्री की है। यह रेंज खास तौर पर टैक्सी और फ्लीट चलाने वालों के लिए बनाई गई है, जिन्हें ज्यादा चलने की क्षमता, कम खर्च और भरोसेमंद गाड़ी चाहिए। इस रेंज में दो मॉडल हैं, जिनमें प्राइम HB हैचबैक (ग्रैंड i10 निओस पर आधारित) और प्राइम SD सेडान (ऑरा पर आधारित) शामिल है। बुकिंग पूरे देश में 5,000 रुपये में शुरू हो चुकी है। प्राइम HB की कीमत 5.99 लाख रुपये और प्राइम SD की कीमत 6.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।
स्टैंडर्ड वर्ज़न की तरह ही प्राइम HB और प्राइम SD में 1.2-लीटर कप्पा चार-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जिसे फैक्ट्री-फिटेड CNG किट के साथ जोड़ा गया है। हुंडई के अनुसार, यह पावरट्रेन रोज़ाना ज्यादा चलने वाली जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ कम ऑपरेटिंग कॉस्ट और लंबे समय तक भरोसेमंद परफॉर्मेंस देता है, जो कमर्शियल सेगमेंट की मुख्य मांग है।
हुंडई ने इन गाड़ियों में कंपनी की तरफ से लगा स्पीड लिमिट फीचर दिया है, जो रफ्तार को 80 किमी/घंटा तक सीमित रखता है। इससे गाड़ियाँ शोरूम से ही कमर्शियल नियमों के अनुसार तैयार मिलती हैं। प्राइम SD का CNG माइलेज 28.40 किमी प्रति किलो बताया गया है, जबकि प्राइम HB 27.32 किमी प्रति किलो माइलेज देती है। करीब 47 पैसे प्रति किलोमीटर की कम रनिंग कॉस्ट के साथ, हुंडई का कहना है कि प्राइम रेंज फुल-टाइम टैक्सी चलाने वालों के लिए ज्यादा कमाई में मददगार साबित होगी।

लॉन्च के मौके पर हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO डिज़िग्नेट तरुण गर्ग ने कहा “प्राइम HB और प्राइम SD के साथ कंपनी को कमर्शियल मोबिलिटी सेगमेंट में कदम रखने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि ये दोनों कारें भरोसेमंद, मजबूत और बेहतर कमाई के लिए बनाई गई हैं। इनका उद्देश्य फ्लीट ऑपरेटर्स और टैक्सी ड्राइवर्स को ज्यादा समय तक बिना रुकावट चलने वाली गाड़ियां, मेंटेनेंस का तय खर्च और कम रनिंग कॉस्ट देना है।”
सेफ्टी और आराम पर भी पूरा ध्यान दिया गया है, जो आमतौर पर सस्ती कमर्शियल गाड़ियों में कम देखने को मिलता है। दोनों मॉडल में 6 एयरबैग, पीछे AC वेंट, आगे-पीछे पावर विंडो, रियर पार्किंग सेंसर, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल और थ्री-पॉइंट सीट बेल्ट दिए गए हैं। इसके अलावा इनमें हाइट एडजस्ट सीट, स्टीयरिंग पर ऑडियो कंट्रोल, फुटवेल लाइट और टाइप-C USB फास्ट चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।

फ्लीट यूज़ को और बेहतर बनाने के लिए हुंडई कुछ ऑप्शनल एक्सेसरीज़ भी दे रही है। इनमें 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay के साथ), रियर कैमरा और चार पैनिक बटन के साथ व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस शामिल हैं। इसके साथ ही, कंपनी ने खास तौर पर तैयार किया गया ओनरशिप पैकेज भी पेश किया है। हुंडई पांच साल या 1,80,000 किमी तक की एक्सटेंडेड वारंटी, 72 महीनों तक की फ्लेक्सिबल फाइनेंस सुविधा और डीलरशिप पर ट्रेंड फ्लीट केयर एडवाइजर्स की सुविधा दे रही है। दोनों मॉडल एटलस व्हाइट, टाइफून सिल्वर और एबिस ब्लैक के साथ तीन रंगों में उपलब्ध हैं।