वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में Hyundai द्वारा बेची गई हर दूसरी कार सनरूफ से लैस थी, क्योंकि यह फीचर खासतौर पर फैमिली ग्राहक सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर भारत में अपनी एक बड़ी उपलब्धि की जानकारी दी है। जून 2025 तक कंपनी ने 11 लाख से ज्यादा सनरूफ वाली गाड़ियां बेच ली हैं। यह आंकड़ा पिछले पांच सालों में तेजी से बढ़ी उस मांग को दिखाता है जिसमें लोग अब आम सेगमेंट की गाड़ियों में भी ग्लोबल फीचर्स पसंद करने लगे हैं।
हुंडई की भारत में बिकने वाली गाड़ियों में सनरूफ वाली कारों का हिस्सा हर साल लगातार बढ़ा है। साल 2024 में कंपनी की कुल बिक्री में 52 फीसदी गाड़ियां सनरूफ से लैस थीं। वहीं जनवरी से जून 2025 के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 54 फीसदी हो गया। इससे साफ पता चलता है कि भारतीय ग्राहकों की पसंद कितनी तेजी से बदल रही है और वे प्रीमियम फीचर्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी वर्तमान में बिकने वाले 14 में से 12 मॉडल में सनरूफ उपलब्ध कराती है। कॉम्पैक्ट हैचबैक से लेकर बड़े क्रॉसओवर तक, इस सुविधा की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हाल के ट्रेंड को देखते हुए, हुंडई ने अपनी ज्यादातर गाड़ियों में सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स और टेक्नोलॉजी देना शुरू कर दिया है। ध्यान देने वाली बात ये है कि पिछले वित्तीय वर्ष में हुंडई की हर दूसरी बिकी हुई कार में सनरूफ मौजूद था। यह फीचर खासतौर पर फैमिली ग्राहक को काफी पसंद आ रहा है और यही इसकी बढ़ती मांग का बड़ा कारण है।
इस नई उपलब्धि पर बात करते हुए हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के व्होल-टाइम डायरेक्टर और सीओओ, तरुण गर्ग ने कहा,
“यह माइलस्टोन दिखाता है कि आज का भारतीय ग्राहक रोज़मर्रा की यात्रा में भी प्रीमियम अनुभव चाहता है। हुंडई में हमारा लगातार प्रयास रहा है कि हम ग्लोबल टेक्नोलॉजी और हाई-एंड फीचर्स को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों के लिए सुलभ बनाएं।”
हुंडई को इस बदलते ट्रेंड को समय रहते समझने और उस पर तेजी से काम करने का श्रेय दिया जाना चाहिए। कंपनी ने अपनी कई गाड़ियों में जल्दी ही सनरूफ फीचर देना शुरू कर दिया था। खासकर Venue, Exter और Creta जैसे मॉडल्स में सनरूफ वाले वेरिएंट्स की डिमांड और बिक्री बहुत ज़्यादा रही है।
जून 2025 में भी क्रेटा हुंडई की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ी बनी रही और यह पूरे भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला पैसेंजर व्हीकल भी रहा। अगली पीढ़ी की क्रेटा अगले कुछ वर्षों में लॉन्च हो सकती है, जिसमें अंदर और बाहर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। साथ ही इसमें हाइब्रिड इंजन मिलने की भी संभावना है।