जनवरी 2026 के महीने में हुंडई की कुल बिक्री 73,173 यूनिट रही, जिसमें से 14,030 यूनिट का निर्यात किया गया है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने जनवरी 2026 में अब तक की अपनी सबसे अधिक मासिक घरेलू बिक्री दर्ज कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी ने इस महीने 59,107 यूनिट्स की घरेलू बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल की तुलना में 9.5 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्शाती है।
इसके साथ ही, हुंडई ने कुल मासिक बिक्री में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। घरेलू और निर्यात दोनों को मिलाकर कंपनी की कुल बिक्री 73,137 यूनिट्स रही, जो कि 11.5 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि को दर्शाती है। यह प्रदर्शन भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हुंडई की मजबूत पकड़ और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को उजागर करता है।
जनवरी 2026 में हुंडई के निर्यात (Exports) ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी ने 14,030 यूनिट्स का निर्यात किया, जिसमें 20.9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। यह वैश्विक बाजारों में हुंडई ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता और मजबूत मांग का संकेत है। इस दौरान हुंडई की दो लोकप्रिय कारों वेन्यू और औरा ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। जनवरी 2026 में हुंडई वेन्यू की बिक्री 12,413 यूनिट्स रही, जो इसका अब तक का सबसे अच्छा मासिक प्रदर्शन है। वहीं, हुंडई औरा ने 7,978 यूनिट्स की बिक्री के साथ अपनी अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की है।

कंपनी के लिए क्रेटा सबसे अधिक बिकने वाला मॉडल रहा है, जिसका श्रेय इसके दमदार पावरट्रेन, सेगमेंट-लीडिंग फीचर्स और मिड-साइज़ एसयूवी सेगमेंट में इसकी शानदार अपील को जाता है। क्रेटा के अलावा, एक्सटर (Exter), i20 और ग्रैंड i10 नियोस (Grand i10 Nios) भी हुंडई की हाई-सेलिंग कारों में शामिल हैं और ये बाजार में अच्छी लोकप्रियता हासिल कर रही हैं।
आने वाले नए प्रोडक्ट्स की बात करें तो, इस साल एक्सटर फेसलिफ्ट और वर्ना फेसलिफ्ट लॉन्च होने की संभावना है। इसके अलावा, हुंडई की बायोन (Bayon) कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर के भी इस साल के अंत तक भारतीय बाजार में एंट्री करने की उम्मीद है। इसे एक्सटर और वेन्यू (Venue) के बीच पोजिशन किया जाएगा, जिससे कंपनी का कॉम्पैक्ट एसयूवी पोर्टफोलियो और मजबूत होगा।

कंपनी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए हुंडई मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, श्री तरुण गर्ग ने कहा कि “जनवरी 2026 हुंडई के लिए एक यादगार और महत्वपूर्ण महीना रहा है। उन्होंने बताया कि घरेलू और कुल बिक्री में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कंपनी की ब्रांड लीडरशिप, कर्मचारियों, डीलर नेटवर्क और ग्राहकों के सामूहिक विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि निर्यात में हुई 20.9 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि यह दर्शाती है कि वैश्विक बाजारों में भी हुंडई पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। कंपनी आने वाले महीनों में ग्राहकों को बेहतर वैल्यू देने, भागीदारों को सशक्त बनाने और भारत में मोबिलिटी के भविष्य को आकार देने के अपने लक्ष्य पर काम करती रहेगी।”