हुंडई आई20 अप्रैल 2021 में कंपनी की चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही और इसकी 5,002 यूनिट की बिक्री हुई
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने अप्रैल 2021 में घरेलू बाजार में कुल मिलाकर 49,002 यूनिट कारों की बिक्री की है, जो कि मासिक आधार पर 6.8 फीसदी की गिरावट है, क्योंकि कंपनी ने मार्च 2021 में कुल मिलाकर 52,600 यूनिट कारों की बिक्री की थी। कंपनी की बिक्री में क्रेटा और वेन्यू ने सबसे ज्यादा योगदान दिया है, जिसमें क्रेटा की 12,463 यूनिट और वेन्यू की 11,245 यूनिट बेची गई थी।
इसके अलावा कंपनी की तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार ग्रैंड आई10 निओस की 11,540 यूनिट बेचीं गई है। हम बात प्रीमियम हैचबैक हुंडई आई20 की बिक्री की करें तो यह हुंडई की चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही, जिसकी अप्रैल 2021 में 5,002 यूनिट बिकी हैं, जबकि मार्च 2021 में आई20 की 9,045 यूनिट बेची गई थी। इस तरह मासिक आधार पर इसकी बिक्री में 45 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।
बता दें कि पिछले साल फेस्टिव सीजन में हुंडई ने आई20 के नए जेनरेशन को लॉन्च किया था, जिसके तहत कार को एक्सटेरियर और इंटीरियर में कई बड़े बदलाव मिले हैं। इस 5-सीटर प्रीमियम हैचबैक को देश में मैग्ना, स्पोर्टज़, एस्टा और एस्टा (ऑप्शनल) के साथ चार वेरिएंट में बेचा जाता है और इसका मुकाबला मारुति सुजुकी बलेनो, टोयोटा ग्लैंज़ा, होंडा जैज़ और फॉक्सवेगन पोलो जैसी कारों से है।

फीचर्स के रूप में आई20 को एलईडी हेडलैंप, एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एयर प्यूरीफायर, ब्लूलिंक कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और सनरूफ मिलता है, जबकि सेफ्टी फीचर्स के रूप में इसे छह एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल आदि से लैस किया गया है।
पावर देने के लिए हुंडई आई20 तीन इंजन विकल्प मिलते हैं, जिनमें 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल (120 पीएस की पावर/172 न्यूटन मीटर टॉर्क), 1.2 लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल (83 पीएस की पावर/114 न्यूटन मीटर टॉर्क) और 1.5 लीटर डीजल (100 पीएस की पावर/240 न्यूटन मीटर टॉर्क) शामिल हैं। 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन में 5-स्पीड मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है, जबकि डीजल इंजन केवल 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आती है। कंपनी ने टर्बो पेट्रोल यूनिट को 6-स्पीड आईएमटी और 7-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स के साथ जोड़ा है।

कीमत की बात करें तो हुंडई आई20 पेट्रोल वेरिएंट को भारत में 6.85 लाख रुपए की शुरूआती कीमत पर बेचा जाता है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 11.34 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इसी तरह आई20 के डीजल वेरिएंट की कीमत 8.21 लाख रुपए से शुरू होती है, जो कि टॉप वेरिएंट में 10.76 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है।