Q4 FY2025-26 में हुंडई ने कुल 2,08,275 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 8.7 फीसदी ज्यादा है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने मार्च 2026 और वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) में शानदार बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने अपने इतिहास में पहली बार तिमाही के दौरान घरेलू बाजार में सबसे ज्यादा बिक्री हासिल की है, जिससे भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में उसकी मजबूत स्थिति और भी स्पष्ट हो गई है।
जनवरी से मार्च 2026 के बीच, हुंडई ने कुल 2,08,275 यूनिट्स की बिक्री की है, जो पिछले साल इसी अवधि के 1,91,650 यूनिट्स की तुलना में 8.67 फीसदी ज्यादा है। इसमें घरेलू बिक्री 1,66,578 यूनिट्स रही, जो 8.48 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ कंपनी की अब तक की सबसे बेहतर तिमाही घरेलू बिक्री है। वहीं, निर्यात भी 9.44 फीसदी बढ़कर 41,697 यूनिट्स तक पहुंच गया।
मार्च 2026 में भी हुंडई ने नया रिकॉर्ड बनाया। कंपनी ने इस महीने 55,064 यूनिट्स की घरेलू बिक्री की, जो मार्च 2025 के 51,820 यूनिट्स के मुकाबले 6.26 फीसदी अधिक है। वहीं फरवरी 2026 की तुलना में भी 5.07 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। कुल मिलाकर मार्च 2026 में कंपनी ने 69,004 यूनिट्स की बिक्री की, जिसमें 13,940 यूनिट्स का निर्यात शामिल है। हालांकि, मार्च में निर्यात में 10.06 फीसदी की गिरावट देखी गई।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO Tarun Garg ने कहा कि “2026 में मिली इस गति को जारी रखते हुए हुंडई ने Q4 में अब तक की सबसे ज्यादा घरेलू बिक्री दर्ज की है। उन्होंने आगे बताया कि नई अपडेटेड Hyundai Verna और Hyundai Exter जैसे मॉडल्स कंपनी की भविष्य की ग्रोथ को और मजबूत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक परिस्थितियों में कुछ अनिश्चितताएं जरूर हैं, लेकिन हुंडई भारत में अपने मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और बेहतर कस्टमर एक्सपीरियंस के दम पर वित्त वर्ष 2026-27 में भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।”
कंपनी की इस बढ़त का मुख्य कारण घरेलू बाजार में मजबूत मांग रही है। हुंडई की हैचबैक, सेडान और SUV की विस्तृत रेंज ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। साथ ही, हाल ही में अपडेट किए गए मॉडल्स ने भी बिक्री को बढ़ावा दिया है। हाल ही में कंपनी ने अपडेटेड एक्सटर को लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 5.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। माइक्रो एसयूवी के इस नए वर्जन में 25 से ज्यादा अपग्रेड दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार, लॉन्च के बाद से अब तक Exter को भारत में 2 लाख से ज्यादा ग्राहक मिल चुके हैं।

इसके अलावा कंपनी ने अपडेटेड Verna को भी लॉन्च किया है और इसकी शुरुवाती कीमत 10,98,400 रुपये रखी गई है।एक्सटीरियर अपडेट में ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, डुअल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, नया बोल्ड फ्रंट और रियर बंपर डिजाइन, R16 डायमंड कट अलॉय व्हील शामिल हैं। वहीं इंटीरियर में D-Cut स्टीयरिंग व्हील, लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, 8-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, सेगमेंट में पहली बार ड्राइवर मेमोरी सीट जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं।