हुंडई आयोनिक 5 को विदेशी बाजारों में 58 kWh और 72.6 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ पेश किया जाता है, जिसके साथ क्रमशः 385 किमी और 481 किमी की रेंज का दावा है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने आज आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह इसी कैलेंडर वर्ष में अपनी आयोनिक 5 इलेक्ट्रिक को भारत में लॉन्च करेगी, जो कि ब्रांड द्वारा साल 2028 तक भारत में पेश किए जानें वाले कई इलेक्ट्रिक वाहनों की रणनीनित का हिस्सा होगा। इसमें सबसे पहला प्रोडक्ट आयोनिक 5 इलेक्ट्रिक ही होने वाला है।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि आयोनिक 5 की तरह समान प्लेटफार्म पर आधारित किआ ईवी6 क्रॉसओवर की प्री-बुकिंग भारत में 26 मई से शुरू होने वाली है। इसे ब्रांड के समर्पित E-GMP प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, जो आने वाले वर्षों में अपने मॉड्यूलर के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की एक पूरी सीरीज को जन्म देगा। हुंडई इस कार को शुरूआत में लिमिटेड एडिशन में पेश करेगी।
इस अवसर पर हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के एमडी और सीईओ Unsoo Kim ने कहा कि एक ग्राहक केंद्रित ब्रांड के रूप में हुंडई एक प्रगतिशील और टिकाऊ भविष्य के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर मजबूती से ध्यान केंद्रित कर रही है। आयोनिक 5 को 2022 में वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर का खिताब प्राप्त है और अब हम 2022 में ही भारत में इसे पेश करने की घोषणा कर रहे हैं, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के एक नए युग की शुरूआत होगी और यह ग्राहकों की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी। हमें भारत में हमारी 25 साल की यात्रा के साथ बड़े पैमाने पर ईवी को अपनाने के लिए एक नई खोज पर साझेदारी करके खुश हैं।
हुंडई आयोनिक 5 का डिजाइन काफी आकर्षक है और इसे एक्सेटेरियर में एक पिक्सेलयुक्त यू आकार का डुअल एलईढी लाइटिंग सिस्टम, स्वूपिंग बोनट संरचना, 20-इंच के व्हील का एक सेट, पॉप-आउट डोर हैंडल और आयताकार एलईडी टेल लैंप सिग्नेचर आदि मिलते हैं। सुविधा के लिए कार में दोनों तरफ चार्जिंग पोर्ट, इंटीग्रेटेड स्पॉइलर और शार्क फिन एंटेना है।
कार में दरवाजों के साथ चलने वाली एक खूबसूरत कैरेक्टर लाइन है और इसका साइड प्रोफाइल काफी क्लीन है। इसमें रेट्रो-थीम वाले बंपर और रेक्ड रियर ग्लास एरिया है। आयोनिक 5 में एक विशिष्ट अपील है, जो ब्रांड के नए सेंसुअस स्पोर्टीनेस फिलॉसफी का पालन करती है। कार में फिजिकल बटन का कम इस्तेमाल किय़ा गया है और केबिन अपमार्केट और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के साथ आता है।
फीचर्स के रूप में हुंडई आयोनिक 5 को एक हेडअप डिस्प्ले (HUD), ट्विन-स्क्रीन कॉन्फ़िगरेशन (प्रत्येक 12 इंच), ब्लूलिंक कनेक्टिविटी, सीटों के साथ बॉटल होल्डर और पर्यावरण के अनुकूल कई सामग्री मिलती है। स्केटबोर्ड आर्किटेक्चर पर आधारित होने के कारण एक बड़ा इंटीरियर है और इसे 531 लीटर का एक बड़ा बूटस्पेस दिया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में आयोनिक 5 को 58 kWh और 72.6 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ पेश किया जाता है, जहां पहले बैटरी पैक के साथ WLTP सायकल के अनुसार एक बार चार्ज होने पर 385 किमी की रेंज का दावा है, जबकि बाद वाले में 481 किमी की रेंज है। इस बैटरी पैक को 800 वी तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 220 किलोवाट डीसी चार्जर के माध्यम से केवल 18 मिनट में 10 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।