हुंडई ने तमिलनाडु को बनाया इलेक्ट्रिक वाहन हब, 2 नए मॉडल होंगे लॉन्च

हुंडई ने चेन्नई प्लांट से 2 नए मॉडल लॉन्च करने की पुष्टि की है, जिनमें एक मास-मार्केट के लिए तैयार की गई नई इलेक्ट्रिक कार भी शामिल होगी

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपनी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) रणनीति को और मजबूत करते हुए तमिलनाडु को भारत में अपना प्रमुख EV हब बनाने की घोषणा की है। साथ ही कंपनी ने पुष्टि की है कि चेन्नई स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से दो नई कारें भी लॉन्च की जाएंगी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण हुंडई की भारत के लिए पहली मास-मार्केट डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसे 2026 के अंत तक लॉन्च किया जाएगा।

यह घोषणा तमिलनाडु में कंपनी की नई निवेश योजनाओं के साथ की गई है, जहाँ हुंडई पहले से ही EV निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर चुकी है। हालांकि कंपनी ने अभी इन दोनों नए मॉडलों के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि इनमें एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV और कंपनी के नए EV प्लेटफॉर्म पर आधारित एक नया मॉडल शामिल हो सकता है।

इन आगामी इलेक्ट्रिक कारों के लिए हुंडई लोकलाइज़ेशन पर भी जोर दे रही है। कंपनी ने तमिलनाडु में EV पावरट्रेन के लिए राज्य का पहला बैटरी सब-असेंबली प्लांट स्थापित कर लिया है और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स का स्थानीयकरण भी कर रही है। वर्तमान में कंपनी की लोकलाइजेशन दर 82 प्रतिशत है, जिसे अगले 5-6 वर्षों में बढ़ाकर 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

Hyundai Flagship EV Hub

भविष्य की EV लॉन्च योजनाओं को देखते हुए हुंडई चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में भी निवेश कर रही है। फिलहाल कंपनी तमिलनाडु में 39 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन और 78 चार्जिंग पॉइंट्स संचालित कर रही है। ये स्टेशन प्रमुख शहरों और हाईवे कॉरिडोर पर स्थापित किए गए हैं। आने वाले 2-3 वर्षों में कंपनी इस नेटवर्क का और विस्तार करेगी, खासकर जब उसके पोर्टफोलियो में ज्यादा किफायती EVs शामिल होंगी।

हुंडई ने तमिलनाडु सरकार के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की भी घोषणा की है। दिसंबर 2027 से शुरू होने वाली इस पहल के तहत इलेक्ट्रिक वाहन, हाइड्रोजन मोबिलिटी, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मैन्युफैक्चरिंग और स्मार्ट फैक्ट्री टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

New Hyundai EV

हुंडई ने 2023 से 2032 के बीच तमिलनाडु में 26,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने की योजना बनाई है। साथ ही, कंपनी राज्य के स्थानीय सप्लायर्स से खरीदारी भी बढ़ाएगी, जिस पर करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस निवेश और विस्तार से आने वाले 5-6 सालों में लगभग 2,000 नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि तमिलनाडु से अब तक 39 लाख से अधिक वाहनों का निर्यात 150 से ज्यादा देशों में किया जा चुका है, जिससे यह राज्य भारत के ऑटोमोबाइल और EV उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।