हुंडई ने i20 रेंज में कुछ नए फीचर्स और वेरिएंट जोड़े हैं और कुछ को हटा दिया है, जबकि एस्टा ट्रिम में इलेक्ट्रिक सनरूफ दी गई है
भारत में प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट की हमेशा से ही मांग रही है और इस सेगमेंट में मारुति बलेनो, हुंडई i20 और टाटा अल्ट्रोज़ जैसे तीन बड़े खिलाड़ी हैं, जो नियमित रूप से अपनी बिक्री के अच्छे आंकड़े दर्ज करते हैं। हाल ही में बलेनो को एक महत्वपूर्ण अपग्रेड प्राप्त हुआ है, जिसमें नया एक्सटीरियर डिज़ाइन और नई सुविधाएं प्राप्त हुई हैं। वहीं टाटा भी डुअल क्लच ऑटोमैटिक के साथ अल्ट्रोज की रेंज को विस्तार देने जा रही है।
लिहाजा अब प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए हुंडई ने भी अपनी आई20 को अपडेट दिया है। कोरियाई कार निर्माता ने आई20 में कुछ बदलाव किए हैं और कुछ नई सुविधाएँ भी जोड़ी हैं। साथ ही आई20 लाइनअप से कुछ फीचर्स और वेरिएंट को हटा भी दिया गया है। अब एस्टा ट्रिम 1.2-लीटर पेट्रोल CVT और 1.0-लीटर पेट्रोल DCT वेरिएंट उपलब्ध नहीं होगा।
उनकी जगह हुंडई ने 1.2 लीटर पेट्रोल CVT एस्टा (ऑप्शनल) और 1.0 लीटर DCT स्पोर्टज़ वेरिएंट पेश किया है और उपकरण सूची में भी बहुत सारे बदलाव देखे गए हैं। बेस मैग्ना ट्रिम में व्हील कवर मिलेंगे जो अब सिल्वर कलर की बजाय गनमेटल फिनिश के साथ उपलब्ध होंगे, जबकि मिड-स्पेक स्पोर्टज़ ट्रिम को अब ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल प्राप्त हुआ है।
यहाँ तक कि स्पोर्ट्ज़ ट्रिम में क्रूज़ कंट्रोल भी जोड़ा गया है। वहीं एस्टा ट्रिम को क्रूज कंट्रोल के साथ-साथ इलेक्ट्रिक सनरूफ भी दिया गया है। टॉप-स्पेक एस्टा (ऑप्शनल) ट्रिम अब ब्लूलिंक कनेक्टेड कार तकनीक के लिए वॉयस एक्टिवेटेड कमांड के साथ आएगा। हुंडई ने कनेक्टेड कार सुविधाओं के लिए छह नए वॉयस-संबंधित कमांड भी जोड़े हैं।
इसमें एक वेलकम मैसेज, कॉन्टैक्ट इन्फार्मेशन, न्यू स्पोर्ट एडिशन (सॉकर), सनरूफ कंट्रोल, ड्राइवर विंडो कंट्रोल और नेविगेशन असिस्टेंट शामिल है। इसके अलावा पैकेज से कुछ फीचर्स को भी हटा दिया गया है। एस्टा ट्रिम अब ब्लूलिंक कनेक्टेड कार तकनीक प्राप्त नहीं करता है। इसके अलावा 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम को 8-इंच की यूनिट के साथ बदल दिया गया है। हालाँकि कार का स्पेसिफिकेशन और डिजाइन पहले की तरह ही है।
भारत में हुंडई आई20 को 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (83 पीएस की पावर /114 एनएम का टॉर्क), 1.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल (120 पीएस की पावर/172 एनएम का टॉर्क) और 1.5-लीटर डीजल (100 पीएस की पावर/240 एनएम का टॉर्क) के साथ तीन इंजन विकल्पों में पेश किया जाता है, जबकि ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 7-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स शामिल है। अपडेटेड हुंडई i20 की कीमतों को जल्द ही साझा किया जाएगा।


