हुंडई ने 19,600 रूपए तक बढ़ाई कारों की कीमतें – क्रेटा, वेन्यू, वेर्ना, आई20, टक्सन

Hyundai-Creta-7.jpg

हुंडई ने अपनी कारों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है, जो कि मॉडल और वेरिएंट के आधार पर 19,600 रूपए तक है

वर्तमान में भारतीय बाजार में उपलब्ध कारों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और माना जा रहा है कि भविष्य में भी कारें और भी मंहगी होती जाएंगी। हाल ही में टाटा मोटर्स, मारूति सुजुकी, महिंद्रा जैसे कई कार निर्माताओं ने अपने कारों की कीमतें बढ़ाई हैं और अब इस सूची में हुंडई भी शामिल हो गई है। हुंडई ने भी इनपुट लागतों का हवाला देते हुए अलकाज़ार के अलावा अपनी सभी कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं।

हुंडई ने भारत की सबसे लोकप्रिय एसयूवी क्रेटा के पेट्रोल वेरिएंट की कीमतों में 16,010 रूपए से लेकर 19,600 रूपए की वृद्धि की है, जो कि 1.11 फीसदी से लेकर 1.60 फीसदी तक है। इस तरह संसोधित कीमतों के बाद अब क्रेटा की कीमत 10.16 लाख रूपए से लेकर टॉप एसएक्स (ओ) वेरिएंट के लिए 17.87 लाख रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तक जा रही है।

इसी तरह क्रेटा के डीजल ई वेरिएंट की कीमत में 12,010 रूपए की वृद्धि हुई है, जो कि टॉप एसएक्स (ओ) वेरिएंट के लिए 15,600 रूपए तक जाती है। इस तरह अब खरीददारों के लिए क्रेटा डीजल वेरिएंट 10.63 लाख रूपए से लेकर 17.78 लाख रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) की कीमत में उपलब्ध है, जो कि 0.89 प्रतिशत से लेकर 1.15 फीसदी तक की वृद्धि है।कंपनी ने अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू की कीमतें भी संसोधित की है और इसमें 7,134 रूपए तक की वृद्धि की गई है। वेन्यू पेट्रोल के बेस ई वेरिएंट की कीमत 7,100 रूपए बढ़ी है, जो कि ट़ॉप एसएक्स प्लस वेरिएंट के लिए 7,134 रूपए है। इस तरह वेन्यू के पेट्रोल वर्जन की कीमत अब 6.99 लाख रूपए से लेकर 11.68 लाख रूपए तक जाती है। वहीं वेन्यू का डीजल वेरिएंट 9.52 लाख रूपए से लेकर 11.68 लाख रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) की कीमत में उपलब्ध है।

इसी तरह हुंडई ने अपनी मिड साइज सेडान हुंडई वेर्ना के डीजल वेरिएंट की कीमत में 7,100 रूपए और पेट्रोल वेरिएंट की कीमत में 9,100 रुपए की वृद्धि की है। इस तरह वेर्ना का पेट्रोल वेरिएंट खरीददारों के लिए 9.28 लाख रूपए से लेकर 14.23 लाख रूपए और डीजल वेरिएंट 10.88 लाख रूपए से लेकर 15.32 लाख रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) में उपलब्ध है। कंपनी ने टक्सन की कीमतों में भी 12,100 रुपए की बढ़ोतरी की है।

कीमतें संसोधित होने के बाद टक्सन खरीदादरों के लिए अब 22.69 लाख रूपए से लेकर 27.47 लाख रूपए (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तक की कीमत में उपलब्ध है। वहीं सैंट्रो और ग्रैंड i10 Nios की कीमत में 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह हुंडई i20 अब वेरिएंट के आधार पर 8,100 रुपये तक महंगी हो गई है। औरा कॉम्पैक्ट सेडान की कीमत अब मौजूदा कीमतों से 10,760 रुपये अधिक है। वहीं कोना इलेक्ट्रिक और एलांट्रा की कीमतों में 1,100 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।