हुंडई ने अपने पोर्टफोलियो में शामिल ग्रैंड आई10 और Nios की कीमतों में वृद्धि की है
फेस्टिव सीजन शुरू हो गया है और तमाम कंपनियां अपनी कारों की बिक्री को बढ़ाने के लिए तरह तरह की छूट दे रही हैं, लेकिन इसके विपरीत हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने फेस्टिव सीजन के पहले अपनी टॉप सेलिंग कारों में से एक हुंडई ग्रैंड आई10 (Hyundai Grand i10) और ग्रैंड आई10 निओस (Grand i10 Nios) की कीमतों में वृद्धि की है।
खरीददारों के लिए Grand i10 दो वेरिएंट्स में उपलब्ध है, बढ़ी कीमतों के बाद अब Magna वेरिएंट की शुरूआती कीमत 5.91 लाख रुपये हो गई है, जबकि Sportz वेरिएंट की कीमत 6.01 लाख रुपये हो गई है। ये दोनों कीमतें एक्स-शोरूम दिल्ली के हिसाब से है।
दूसरी ओर Grand i10 Nios भारतीय बाजार में पेट्रोल और डीजल दोनों ही मॉडलों में उपलब्ध है। कंपनी ने इस मॉडल के सभी वेरिएंट्स की कीमतों में 6000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले Grand i10 Nios की शुरुआती दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत 5.06 लाख रुपये से लेकर 8.29 लाख रुपये तक जाती थी।

ग्रैंड i10 Nios अपनी बढ़ी हुई कीमतों के साथ अब 5.12 लाख रुपये से लेकर 8.35 लाख रुपये में उपलब्ध होगी। इससे पहले भी हुंडई ने अपनी बेस्ट सेलिंग कारों में से एक Santro की कीमतों को 6000 रुपये तक बढ़ा दिया था। पहले हुंडई Santro की शुरुआती कीमत 4.57 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) थी और इसके टॉप एंड वेरिएंट की कीमत 6.25 लाख रुपये थी।
अब बढ़ी कीमतों के बाद हुंडई सैंट्रो (Hyundai Santro) को 4.63 लाख रुपये की शुरूआती कीमत पर खरीदा जा सकता है, जो कि टॉप एंड वेरिएंट के लिए 6.31 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी ने हुंडई Santro के सीएनजी (CNG) वैरिएंट की कीमतों में बढ़ोतरी की है।

हुंडई ने Santro Magna सीएनजी वेरिएंट की कीमत में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी की है। इस वेरिएंट की अब दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत 5.86 लाख रुपये हो गई है। हाल ही में हुंडई ने अपने Magna और Magna AMT वेरिएंट्स का कॉर्पोरेट एडिशन वेरिएंट्स भी लॉन्च किया है, जिनकी एक्स-शोरूम कीमतें क्रमश: 5.23 लाख रुपये और 5.72 लाख रुपये है।