
Hyundai Exter Knight में ऑल-ब्लैक इंटीरियर, ब्रास कलर के एक्सेंट, ब्लैक सेमी-फैब्रिक सीटें और एम्बर कलर की फुटवेल एम्बिएंट लाइटिंग मिलती है
हुंडई मोटर इंडिया ने आज भारतीय बाजार में Exter का Knight एडिशन को लॉन्च किया है। यह कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी का ब्लैक-थीम वाला स्पोर्टी अवतार है। नई Exter Knight में एक्सटीरियर और इंटीरियर पर कई खास डिजाइन अपडेट किए गए हैं, जो इसे रेगुलर मॉडल से अलग बनाते हैं। हुंडई की Knight रेंज की अब तक 1 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं।
हुंडई Exter Knight को ज्यादा आकर्षक और स्पोर्टी लुक देने के लिए कई हिस्सों को ब्लैक और डार्क ग्रे फिनिश दी गई है। इसमें आगे और पीछे मैट ब्लैक Exter और Hyundai लोगो मिलते हैं। इसके अलावा फ्रंट और रियर बंपर पर डार्क ग्रे गार्निश और साइड सिल गार्निश दिया गया है।
इसमें R15 स्पोर्टी ब्लैक अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जबकि कुछ वेरिएंट में R15 डार्क ग्रे स्टाइल्ड स्टील व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा फ्रंट में रेड ब्रेक कैलिपर्स और खास नाइट Emblem दिया गया है, जो इसके स्पोर्टी लुक को और बेहतर बनाता है। नई Exter Knight के केबिन को भी खास ब्लैक थीम में तैयार किया गया है।

इसमें ऑल-ब्लैक इंटीरियर के साथ ब्रास एक्सेंट दिए गए हैं। साथ ही इसमें एक्सक्लूसिव ब्लैक सेमी-फैब्रिक सीट अपहोल्स्ट्री मिलती है। इसके अलावा एम्बर कलर फुटवेल एम्बिएंट लाइटिंग और ब्लैक D-Cut स्टीयरिंग व्हील भी दिया गया है। इन बदलावों का मकसद केबिन को ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देना है।
हुंडई Exter Knight में 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर Kappa पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और Smart Auto AMT गियरबॉक्स के साथ खरीदा जा सकता है। इसके अलावा 1.2-लीटर Bi-Fuel पेट्रोल-CNG पावरट्रेन का विकल्प भी मिलता है, जो 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है।

नई हुंडई Exter Knight को HX 6 पेट्रोल MT, HX 6 पेट्रोल AMT, HX 6 CNG MT और HX 10 पेट्रोल AMT वेरिएंट में पेश किया गया है। हुंडई Exter Knight को कुल 5 रंगों में खरीदा जा सकता है। इनमें Titanium Black, Atlas White, Starry Night, Titan Grey और Golden Bronze शामिल हैं। ब्लैक थीम और नए डिजाइन एलिमेंट्स के साथ Exter Knight रेगुलर Exter के मुकाबले ज्यादा बोल्ड और स्पोर्टी विकल्प बनती है।