वित्त वर्ष 24-25 में टॉप ट्रिम्स ने Creta पेट्रोल-डीजल की कुल बिक्री में 24 फीसदी और Creta इलेक्ट्रिक की बिक्री में 71 फीसदी का योगदान दिया है
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने आज घोषणा की है कि हुंडई क्रेटा मार्च 2025 में भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में सबसे अधिक बिकने वाले मॉडल के रूप में उभरी है, जिसने 18,059 यूनिट की शानदार बिक्री दर्ज की है। देश में एसयूवी सेगमेंट के लिए नए मानक स्थापित करते हुए, हुंडई क्रेटा ने वित्त वर्ष 2024-2025 (जनवरी-मार्च) की चौथी तिमाही में भारत की सबसे ज़्यादा बिकने वाली एसयूवी के रूप में अपना स्थान बनाए रखा, जिसकी कुल 52,898 यूनिट बिकी हैं।
बाजार में पसंदीदा एसयूवी के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करते हुए, क्रेटा वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में तीसरी सबसे ज़्यादा बिकने वाला मॉडल रहा है, जिसकी 1,94,871 यूनिट की बिक्री हुई, जो सालाना आधार पर 20 फीसदी की मज़बूत वृद्धि को दर्शाता है, जो अपनी शुरुआत से लेकर अब तक हुंडई क्रेटा की सालाना आधार पर सबसे ज़्यादा बिक्री है।
इस उपलब्धि पर बोलते हुए, हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अधिकारी, श्री तरुण गर्ग ने कहा: “हुंडई क्रेटा भारत के ऑटोमोटिव परिदृश्य में नए मानक स्थापित करना जारी रखे हुए है। एसयूवी सेगमेंट में इसका लगातार ब्रांड नेतृत्व और अब मार्च 2025 में सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल होना भारतीय ग्राहकों के साथ इसके मजबूत भावनात्मक बंधन का प्रतीक है। भारतीय सड़कों पर 1.2 मिलियन से अधिक क्रेटा और इसके पीछे एक दशक का भरोसा, हुंडई क्रेटा इनोवेशन, आकांक्षा और विश्वसनीयता का प्रतीक बन गया है। हुंडई क्रेटा के साथ, HMIL की कुल बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी पिछले वर्ष के 63.2 फीसदी की तुलना में वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 68.5 फीसदी हो गई।

हुंडई क्रेटा ने 2015 में अपने लॉन्च के बाद से समझदार और आकांक्षी ग्राहकों का दिल जीतने का एक दशक पूरा कर लिया है। इसी साल जनवरी में हुंडई ने क्रेटा का इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च किया था और इसकी शुरुआती कीमत बेस एग्जीक्यूटिव वेरिएंट के लिए 17.99 लाख रुपये है, जबकि स्मार्ट और स्मार्ट (O) वेरिएंट की कीमत क्रमश: 18.99 लाख रुपये और 19.49 लाख (एक्स-शोरूम) रुपये है।
वहीं प्रीमियम वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये है। वहीं स्मार्ट (ऑप्शनल) 51.4 kWh वेरिएंट 21.49 लाख रुपये और रेंज-टॉपिंग एक्सीलेंस LR 51.4 kWh वेरिएंट को 23.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में खरीदा जा सकता है। हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक में एक बार चार्ज करने पर 473 किमी तक की रेंज का दावा किया गया है।

यह 75 से अधिक सेफ्टी फीचर्स के साथ-साथ सिंगल-पैडल ड्राइविंग, पैनोरैमिक सनरूफ, लेवल 2 ADAS, शिफ्ट-बाय-वायर तकनीक से लैस है। इसमें वाहन के अंदर और बाहर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने के लिए व्हीकल टू लोड (V2L) तकनीक भी मिलती है। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 7,62,052 यूनिट की बिक्री दर्ज की है, जिसमें 5,98,666 यूनिट की घरेलू बिक्री और 1,63,386 यूनिट का निर्यात शामिल है।