पिछले 5 वर्षों में लगातार सबसे अधिक बिकने वाली एसयूवी के रूप में हुंडई क्रेटा का दबदबा बरकरार है
हुंडई क्रेटा ने भारत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस एसयूवी ने एक कैलेंडर वर्ष में पहली बार 2 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जो अब तक का इसका सबसे बेहतरीन सालाना प्रदर्शन है। इसका मतलब है कि देश में हर दिन औसतन करीब 550 नई क्रेटा बिक रही हैं। दस साल पूरे करने और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद क्रेटा मिडसाइज़ एसयूवी सेगमेंट में अपनी बादशाहत बनाए हुए है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि मौजूदा समय में मिडसाइज़ एसयूवी सेगमेंट में कई नई और फीचर-लोडेड गाड़ियां मौजूद हैं। इसके बावजूद क्रेटा न सिर्फ टिकी रही, बल्कि अपनी बढ़त और मजबूत करने में सफल रही। 34 प्रतिशत से ज्यादा की सेगमेंट हिस्सेदारी के साथ क्रेटा अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे है।
इस साल क्रेटा के भारत में लॉन्च को एक दशक भी पूरा हो गया है। 2016 से 2025 के बीच इस मॉडल ने 9 प्रतिशत से ज्यादा की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट दर्ज की है, जो तेजी से बदलते इस सेगमेंट में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। लॉन्च के बाद से अब तक क्रेटा हर पूरे साल में सबसे ज्यादा बिकने वाली मिडसाइज़ एसयूवी रही है, जिससे यह सिर्फ एक सफल मॉडल नहीं बल्कि पूरे सेगमेंट को परिभाषित करने वाली कार बन चुकी है।

क्रेटा की लगातार सफलता की एक बड़ी वजह इसके वेरिएंट्स और विकल्पों की भरमार है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के विकल्प मिलते हैं, जिन्हें मैनुअल, ऑटोमैटिक, IVT और DCT गियरबॉक्स के साथ चुना जा सकता है। इस साल इसकी रेंज में इलेक्ट्रिक वर्जन भी शामिल किया गया है।
हुंडई क्रेटा ईवी में 42 kWh और 51.4 kWh का बड़ा बैटरी पैक मिलता है। बड़ा 51.4 kWh बैटरी पैक 510 किमी की ड्राइविंग रेंज का दावा करता है, जबकि छोटा 42 kWh बैटरी पैक एक बार चार्ज करने पर 420 किमी की रेंज प्रदान करता है। क्रेटा इलेक्ट्रिक में पैनोरैमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीटें, इको-फ्रेंडली अपहोल्स्ट्री और रियर विंडो सनशेड, ADAS जैसे फीचर्स मिलते हैं।

इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO डिज़िग्नेट तरुण गर्ग ने कहा कि “भारत में क्रेटा की यात्रा असाधारण रही है। एक साल में 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री हासिल करना हुंडई के लिए गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि 2020 से 2025 के बीच क्रेटा देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है और पिछले 10 वर्षों में इसके ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ी है, जिससे क्रेटा एक भरोसेमंद साथी के रूप में स्थापित हो चुकी है।”