हुंडई की कारें जून से होंगी महंगी, कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी

New Hyundai Venue (17)

मारुति सुजुकी के बाद अब हुंडई मोटर इंडिया ने भी बढ़ती लागत का असर कम करने के लिए अपनी कारों की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी की घोषणा की है

हुंडई मोटर इंडिया ने घोषणा की है कि वह भारत में अपनी कारों की कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी। नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू होंगी। कंपनी का कहना है कि इनपुट कॉस्ट काफी बढ़ गई है और अब इसे पूरी तरह अपने स्तर पर संभालना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, हुंडई ग्राहकों पर इसका केवल एक हिस्सा ही डाल रही है। फिलहाल कंपनी ने यह नहीं बताया है कि किस मॉडल और वेरिएंट पर कितनी कीमत बढ़ेगी।

भारत में हुंडई फिलहाल कुल 9 मॉडल की बिक्री करती है, जो एंट्री-लेवल से लेकर प्रीमियम सेगमेंट तक फैले हुए हैं। कंपनी की सबसे सस्ती कार हुंडई ग्रैंड i10 Nios है, जिसकी कीमत 5.55 लाख रुपये से शुरू होकर 7.72 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इसका टैक्सी वर्जन ‘Hyundai Prime HB’ भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 5.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

इसके ऊपर हुंडई Exter आती है, जिसकी कीमत 5.79 लाख रुपये से शुरू होकर 9.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। वहीं हुंडई i20 की कीमत 5.99 लाख रुपये से लेकर 11.67 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। हुंडई Aura, जो Grand i10 Nios पर आधारित सेडान है, उसकी कीमत 5.99 लाख रुपये से 8.54 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। इसका टैक्सी वर्जन ‘Hyundai Prime SD’ 6.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध है।

New Hyundai Exter (5)

कंपनी की कॉम्पैक्ट एसयूवी हुंडई वेन्यू की कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू होती है और टॉप वेरिएंट 15.82 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाता है। हुंडई की प्रीमियम रेंज की शुरुआत हुंडई Creta से होती है, जो कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी है। इसकी कीमत 10.79 लाख रुपये से 20.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

इसका इलेक्ट्रिक वर्जन हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 18.02 लाख रुपये से 24.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। हुंडई Verna की कीमत 10.98 लाख रुपये से शुरू होकर 18.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। वहीं 7-सीटर हुंडई Alcazar की कीमत 14.49 लाख रुपये से लेकर 21.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।

2024-Hyundai-Alcazar-10.jpg

कंपनी की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक कार हुंडई Ioniq 5 फिलहाल एक ही वेरिएंट में आती है और इसकी कीमत 55.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। हुंडई आने वाले सालों में कई नई कारों को लॉन्च करेगी, जिनमें एक नई इलेक्ट्रिक कार, नई जनरेशन क्रेटा, ऑफ-रोडर मॉडल शामिल होंगे।