Home कार न्यूज़ भारत में टेस्टिंग के दौरान फिर दिखी Honda की पहली इलेक्ट्रिक SUV,...

भारत में टेस्टिंग के दौरान फिर दिखी Honda की पहली इलेक्ट्रिक SUV, मिलेगा बड़ा टचस्क्रीन

Honda Electric SUV
Image Source: pxrtth.gpt/instagram

Honda 0 Alpha EV को भारत में 2027 में लॉन्च किया जाएगा और टेस्टिंग के दौरान पहली बार इसका इंटीरियर दिखाई दिया है

होंडा भारतीय बाजार में अपनी पहली ईवी को लांच करने की योजना बना रही है और जिसके लिए कंपनी ने कुछ महीने पहले इसकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी थी। वहीं इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को फिर से एक बार भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इस बार प्रोडक्शन के करीब पहुंच चुके 0 Alpha कॉन्सेप्ट के टेस्टिंग मॉडल की तस्वीरें मनाली से सामने आई हैं। कंपनी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को 2027 में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

इस बार इसका इंटीरियर भी दिखाई दिया है। डैशबोर्ड के बीच में बड़ा फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो मौजूदा होंडा कारों की स्क्रीन से बड़ा दिखाई देता है। साथ ही डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी नजर आता है। डैशबोर्ड का डिजाइन काफी साफ-सुथरा है, जिसमें पतले AC वेंट्स और नया मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील दिया गया है।

हालांकि केबिन के कई हिस्सों को अभी भी ढका गया है, इसलिए अंतिम फीचर्स और फिनिश लॉन्च के समय बदल सकते हैं। पीछे की तरफ SUV में लगभग सीधा टेलगेट दिया गया है, जिससे इसका डिज़ाइन बॉक्सी नज़र आता है। इसमें वर्टिकल डिजाइन वाली LED टेललाइट्स, बड़ा रियर विंडशील्ड, मोटी बॉडी क्लैडिंग वाला बंपर, रूफ-माउंटेड स्टॉप लैंप और ऊंची पोजिशन पर लगा रियर ग्लास दिया गया है।

Honda-0-Alpha-SUV-India-Spied-1
Image Source: pxrtth.gpt/instagram

फ्रंट डिजाइन अभी भी ढका हुआ है, लेकिन इसमें चौकोर आकार के LED लाइट एलिमेंट्स साफ दिखाई देते हैं। सामने की ग्रिल पूरी तरह बंद (Closed-off Fascia) रखी गई है। छोटा बोनट और बड़ा लोअर एयर इनटेक भी देखने को मिलते हैं। साइड प्रोफाइल में लंबा केबिन, छोटा बोनट, बड़ा ग्लास एरिया और छोटे ओवरहैंग्स दिए गए हैं। लगभग सीधी रूफलाइन और पीछे के दरवाजे का डिजाइन केबिन में ज्यादा जगह देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

लॉन्च के बाद यह मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, मारुति सुजुकी e Vitara, टाटा Curvv EV और अन्य मॉडलों को टक्कर देगी। होंडा इसे अपनी 0 Series EV का एंट्री-लेवल मॉडल मानती है और इसका डिजाइन कंपनी की “Thin, Light and Wise” फिलॉसफी पर आधारित है।

Honda-0-Alpha-SUV-India-Spied-2
Image Source: pxrtth.gpt/instagram

रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में मिलने वाले मॉडल में 60 kWh से 70 kWh के बीच का बैटरी पैक दिया जा सकता है, जो लगभग 450 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज दे सकता है। शुरुआत में इसमें सिंगल-मोटर फ्रंट-व्हील-ड्राइव (FWD) सेटअप मिलने की संभावना है। होंडा इस इलेक्ट्रिक SUV का उत्पादन राजस्थान के टपूकारा प्लांट में स्थानीय स्तर पर करेगी। फिलहाल कंपनी की भारतीय लाइनअप में Amaze, City और Elevate शामिल हैं। ऐसे में 0 Alpha भारत में होंडा की पहली इलेक्ट्रिक SUV होगी और तेजी से बढ़ते EV SUV सेगमेंट में कंपनी की मौजूदगी को मजबूत करेगी।