होंडा ZR-V वैश्विक स्तर पर 1.5 लीटर पेट्रोल और 2.0 लीटर हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है
भारत में हाल ही में एक डीलर मीट में होंडा ने कथित तौर पर ZR-V हाइब्रिड को दिखाया है, जिससे घरेलू बाजार में इसके लॉन्च के बारे में चर्चा तेज हो गई है। यह रणनीति होंडा के अपने हाइब्रिड पोर्टफोलियो का विस्तार करने में मदद करेगी। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अटकलें हैं कि होंडा ZR-V को इस साल के अंत में भारत में पेश किया जा सकता है।
होंडा वर्तमान में अमेज़ सेडान की बिक्री करती है, जिसे हाल ही में एक बिल्कुल नया जेनेरशन मिला था। इसके साथ ही एलिवेट मिडसाइज़ एसयूवी और सिटी मिडसाइज़ सेडान भी पोर्टफोलियो में उपलब्ध हैं। सिटी एकमात्र मॉडल है जो e:HEV तकनीक के साथ उपलब्ध है।
होंडा अगले साल भारत में एलिवेट का इलेक्ट्रिक संस्करण लाएगी, जबकि सिटी का एक अपडेटेड संस्करण भी पाइपलाइन में होने की उम्मीद है। होंडा ZR-V में 2.0 लीटर चार-सिलेंडर हाइब्रिड पेट्रोल इंजन है, जो 181 एचपी का कुल पावर आउटपुट और 315 एनएम का पीक टॉर्क देता है। इस हाइब्रिड सेटअप को अच्छी माइलेज के साथ-साथ प्रदर्शन प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

हाइब्रिड के साथ, ZR-V में 1.5 लीटर चार-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड VTEC पेट्रोल इंजन भी है। नवीनतम होंडा ZR-V ने जून 2022 के मध्य में दुनिया में अपनी शुरुआत की थी। यह मूल रूप से यूनाइटेड स्टेट्स में खुदरा बिक्री वाली HR-V है और सिविक के साथ प्लेटफार्म साझा करती है। जापान, चीन और यूरोप जैसे देशों में इसे ZR-V कहा जाता है क्योंकि इसे वैश्विक HR-V के साथ बेचा जाता है।
वैश्विक होंडा रेंज के साथ इंटीरियर में बहुत कुछ समानता है क्योंकि इसमें फ्री-स्टैंडिंग 9-इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले है जो छोटे डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल के साथ मिलकर काम करता है। साथ ही 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और कई चार्जिंग पोर्ट भी शामिल हैं। रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है कि होंडा भारतीय बाजार के लिए केवल हाइब्रिड मॉडल पेश कर सकती है और इसे CBU (कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट) के रूप में भारत में आयात किया जाएगा।
इस एसयूवी की कुल लंबाई 4.56 मीटर और व्हीलबेस 2.65 मीटर है। होंडा ZR-V दोनों इंजन विकल्पों में ऑल-व्हील-ड्राइव कॉन्फ़िगरेशन के साथ उपलब्ध है। होंडा ZR-V एक मजबूत सुरक्षा पैकेज भी प्रदान करता है जिसमें ADAS शामिल है।