Home कार न्यूज़ होंडा 2028 तक भारत में लॉन्च करेगी नई कॉम्पैक्ट SUV और मिडसाइज...

होंडा 2028 तक भारत में लॉन्च करेगी नई कॉम्पैक्ट SUV और मिडसाइज SUV

Honda's New cars (1)

Honda ने भारतीय बाजार में नई कॉम्पैक्ट एसयूवी और मिडसाइज एसयूवी को लॉन्च करने की पुष्टि की है

2023 में Jazz और WR-V के बंद होने के बाद से होंडा के पास भारतीय बाजार में सबसे बड़े कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कोई भी मॉडल नहीं बचा था। काफी लंबे से समय से अटकलें थी कि कंपनी भारत में एक नई कॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च करेगी और अब जापानी कंपनी ने पुष्टि की है कि वह 2028 तक इस सेगमेंट में नई SUV के साथ वापसी करेगी।

गुरुवार को FY2026 फाइनेंशियल रिजल्ट कॉन्फ्रेंस के दौरान होंडा के डायरेक्टर, प्रेसिडेंट और रिप्रेजेंटेटिव एग्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशिहिरो मिबे ने कहा कि कंपनी भारत में अपने प्रोडक्ट डेवलपमेंट अप्रोच में बदलाव करेगी। आगे चलकर होंडा भारतीय ग्राहकों की जरूरतों, मौसम, वाहन उपयोग और सरकारी नीतियों जैसे पहलुओं पर ज्यादा ध्यान देगी।

मिबे ने कहा, “2028 में हम भारतीय बाजार के लिए खास तौर पर तैयार किए गए रणनीतिक मॉडल लॉन्च करेंगे, जिनमें परफॉर्मेंस और कीमत के बीच बेहतर संतुलन होगा। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि होंडा फिर से सब-4 मीटर सेगमेंट में एंट्री करेगी। कंपनी दो प्रमुख कैटेगरी में नए मॉडल्स लॉन्च करेगी, जिनमें से एक 4 मीटर से कम लंबाई वाले वाहन, जो भारत का सबसे बड़ा सेगमेंट है, और दूसरा मिड-साइज कैटेगरी का होगा”

Honda New cars

नई होंडा सब-4 मीटर SUV का डिज़ाइन WR-V से ज़्यादा मजबूत हो सकता है। Elevate की तरह इसमें सीधा फ्रंट और रियर डिजाइन तथा ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस मिलने की उम्मीद है। इससे होंडा अपनी SUV को Tata Nexon, Hyundai Venue और Kia Sonet जैसे लोकप्रिय मॉडलों से अलग पहचान दे सकेगी। आने वाली Renault Bridger और Mahindra Vision.S कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन मॉडल इसके सीधे प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं।

होंडा अपनी नई कॉम्पैक्ट SUV में 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दे सकती है। इसके साथ CNG वेरिएंट भी पेश किया जा सकता है। इससे कंपनी दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित कर पाएगी। शुरुआती दौर में हाइब्रिड वेरिएंट आने की संभावना कम बताई जा रही है।

Honda 0 α Electric SUV (1)

इस नई SUV से पहले होंडा भारत में 5 नई प्रीमियम कारें लॉन्च करेगी। 22 मई को कंपनी पांचवीं जनरेशन City का दूसरा फेसलिफ्ट पेश करेगी और साथ ही ZR-V SUV भी लॉन्च करेगी। ZR-V को ग्लोबल मार्केट में CR-V से नीचे पोजिशन किया गया है और इसे जापान से CBU यूनिट के रूप में भारत लाया जाएगा।

साल की दूसरी छमाही में Honda Elevate फेसलिफ्ट और Prelude को लॉन्च करेगी। Prelude भी जापान से CBU इंपोर्ट के तौर पर आएगी। इसके अलावा, 2027 की पहली तिमाही में Honda स्थानीय स्तर पर निर्मित एक इलेक्ट्रिक मिड-साइज SUV लॉन्च करने की योजना बना रही है, जो 0 α कॉन्सेप्ट पर आधारित होगी।