
होंडा की 0 सीरीज अल्फा कॉन्सेप्ट पर बनी इलेक्ट्रिक एसयूवी 2027 तक भारत और जापान में लॉन्च होगी, साथ ही कंपनी कई और नए मॉडलों पर भी काम कर रही है
होंडा अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी Honda 0 Series Alpha को भारत और जापान में 2027 तक लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी आने वाले समय में कई नए मॉडलों पर काम कर रही है और यह एसयूवी होंडा की ग्लोबल इलेक्ट्रिक रणनीति में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जापान मोबिलिटी शो 2025 में होंडा के डायरेक्टर और प्रेसिडेंट तोशिहिरो मिबे ने कंपनी का लंबी अवधि का रोडमैप पेश किया था।
उन्होंने साफ कहा कि भारत अब होंडा की अगली ग्रोथ रणनीति का सबसे अहम हिस्सा होगा। जापान और नॉर्थ अमेरिका के साथ-साथ होंडा भारत में पहले से ज्यादा निवेश और कोशिशें करने की योजना बना रही है, खासकर तब जब चीनी ऑटो कंपनियों की ग्लोबल प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।
Honda 0 Series Alpha को मिनिमलिस्ट और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन भाषा पर तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज्यादा की रेंज देगी। इसके साथ ही इसमें एडवांस सॉफ्टवेयर फीचर्स और ग्लोबल-क्वालिटी बिल्ड भी मिलेगा। खास बात यह है कि यह मॉडल भारत में ही बनाया जाएगा, और घरेलू बिक्री के साथ-साथ यह कई देशों में एक्सपोर्ट भी होगी। इससे भारत होंडा के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक ग्लोबल प्रोडक्शन हब बन सकता है।

डिज़ाइन की बात करें तो इसका लुक कुछ हद तक एलिवेट जैसा दिखाई दे सकता है, लेकिन इसके नीचे पूरी तरह नई इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया है, न कि किसी पेट्रोल या डीज़ल कार के बदले हुए ढांचे का। भारत में होंडा की मौजूदा कार लाइनअप अमेज़, सिटी और एलिवेट फिलहाल स्थिर प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन कंपनी अब इन्हें अपडेट कर नई ताज़गी देने की तैयारी में है।
होंडा ने 2030 तक 10 नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिनमें 7 एसयूवी शामिल होंगी। आने वाले मॉडलों में एक नया कॉम्पैक्ट एसयूवी (अमेज़/सिटी प्लेटफॉर्म पर आधारित), कुछ नए हाइब्रिड मॉडल और इंटरनेशनल मॉडल्स के भारतीय एडिशन शामिल हो सकते हैं। कंपनी सिर्फ इलेक्ट्रिक पर निर्भर नहीं रहना चाहती, इसलिए वह हाइब्रिड तकनीक पर भी जोर दे रही है।

हालांकि होंडा भारत के तेजी से बढ़ते एसयूवी और ईवी बाजार में कुछ शुरुआती मौकों को मिस कर चुकी है, लेकिन 0 Series Alpha के जरिए कंपनी नई शुरुआत करना चाहती है। आने वाले वर्षों में नई जनरेशन सिटी, 7-सीटों वाली नई मिडसाइज एसयूवी और एलिवेट हाइब्रिड जैसे मॉडल भी देखने को मिल सकते हैं।