Honda NX500 का E-Clutch वेरिएंट मैनुअल क्लच वेरिएंट से करीब 1.11 लाख रुपये महँगा है, मैनुअल क्लच वेरिएंट की कीमत 6.33 लाख रुपये है
होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया ने आज भारतीय बाजार में अपनी मिड-साइज एडवेंचर टूरिंग मोटरसाइकिल Honda NX500 में Honda E-Clutch तकनीक जोड़ने की घोषणा की है। यह E-Clutch सिस्टम इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल की मदद से बाइक स्टार्ट करने, गियर बदलने और रुकने के दौरान क्लच को अपने आप मैनेज करता है।
इससे राइडर को बार-बार मैनुअल क्लच इस्तेमाल करने की जरूरत कम पड़ती है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर राइडर इसे कभी भी खुद कंट्रोल कर सकता है। भारत की भीड़भाड़ वाली शहर की सड़कों और लंबे हाईवे सफर को ध्यान में रखते हुए यह तकनीक राइडर की थकान कम करने में मदद करेगी। Honda E-Clutch सिस्टम क्लच ऑपरेशन को ऑटोमैटिक तरीके से संभालता है, जिससे राइडर बिना राइडिंग एक्सपीरियंस खोए सड़क पर ज्यादा ध्यान दे सकता है।
भारत में Honda NX500 E-Clutch को 7.44 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इस नए E-Clutch वेरिएंट की बुकिंग देशभर में Honda BigWing डीलरशिप्स पर शुरू हो चुकी है। यह बाइक दो कलर ऑप्शंस Mat Gunpowder Black Metallic और Pearl Horizon White में उपलब्ध होगी।

इस मौके पर Tsutsumu Otani ने कहा, “E-Clutch तकनीक से लैस Honda NX500 शहर और टूरिंग दोनों तरह की राइडिंग में ज्यादा आराम और बेहतर कंट्रोल देती है। यह राइडर की थकान को कम करती है, जबकि होंडा मोटरसाइकिलों का मजेदार और एंगेजिंग राइडिंग एक्सपीरियंस भी बरकरार रखती है।”
Honda NX500 में 471 cc का liquid-cooled parallel-twin इंजन मिलता है, जो 6-speed गियरबॉक्स के साथ आता है। यह इंजन लो और मिड-रेंज में मजबूत टॉर्क देने के साथ हाई RPM पर स्मूद पावर डिलीवरी के लिए ट्यून किया गया है, जिससे यह शहर और हाईवे दोनों जगह बेहतर प्रदर्शन करती है।

इस बाइक में स्टील डायमंड फ्रेम, Showa SFF-BP USD फ्रंट सस्पेंशन और प्रीलोड अडजस्टेबल रियर मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। ब्रेकिंग के लिए आगे ड्यूल डिस्क ब्रेक्स और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक के साथ डुअल चैनल ABS मिलता है। यह बाइक 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील सेटअप पर चलती है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 5.0-इंच फुल कलर TFT डिस्प्ले, होंडा RoadSync कनेक्टिविटी, नेविगेशन, call और म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा Honda Selectable Torque Control (HSTC) और ऑल-LED लाइटिंग भी स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं।