होंडा भारत में अगले साल एक इलेक्ट्रिक स्कूटर को लॉन्च करने की योजना बना रही है, जो संभवतः एक्टिवा पर आधारित हो सकता है
होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया ने भारत में भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर बन रही संभावनाओं को देखते हुए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट में प्रवेश करने की योजना बनाई है। हाल ही में आई खबरों की मानें तो कंपनी अगले वित्त वर्ष में भारत में एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है, जो संभवतः ब्रांड का सबसे ज्यादा बिकने वाला एक्टिवा स्कूटर पर आधारित होगा।
इसी कड़ी में होंडा ने हाल ही में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ अपनी सहायक कंपनी होंडा पावर पैक एनर्जी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के तहत भारत में राष्ट्रीय स्तर पर बैटरी-स्वैपिंग नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। यह बैटरी स्वैपिंग स्टेशन 2022 की पहली छमाही में स्थापित होना शुरू हो जाएगा।
बैटरी स्वैपिंग स्टेशन की शुरूआत बैंगलोर से होगी और फिर इसे अन्य शहरों में विस्तारित किया जाएगा। शुरुआत में होंडा का बैटरी-स्वैपिंग नेटवर्क इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स पर फोकस करेगा। इसके बाद इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को भी शामिल किया जाएगा, जो देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने को बढ़ावा देने वाला कदम होगा।
देखा जाए तो ईवी बैटरी की अदला-बदली ईवी चार्जिंग की तुलना में ज्यादा व्यावहारिक है, क्योंकि चार्ज की गई बैटरी के लिए समाप्त बैटरी को आसानी से स्विच करना बहुत तेज है। जैसा कि पहले ही बताय़ा कि कंपनी देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर विकसित कर रही है। इस दिशा में बढ़ते हुए कदम के तहत पहले ही भारत में होंडा Benly e को ARAI द्वारा टेस्टिंग करते हुए देखा गया था।
हालांकि इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारत में कभी पेश नहीं किया गया और न ही कंपनी की ओर से इसके लॉन्च की घोषणा की गई है। इसलिए इसके लॉन्च होने की उम्मीद नहीं हैं, लेकिन यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि बेनली ई में स्वैपेबल बैटरी है। इसलिए संभव है कि निर्माता इसे अपने आगामी ई-स्कूटर के लिए एक अध्ययन के रूप में इस्तेमाल कर रही हो।
इस तरह अगर भारत में होंडा का इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च होता है तो उम्मीद है कि इसका मुकाबला ओला एस1 और एस1 प्रो, सिंपल वन, ईवी सोल, बाउंस इनफिनिटी आदि से होगा। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प ने भी इस साल देश में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को लॉन्च करने की घोषणा की है। इस तरह भविष्य में इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में और प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
इसके अलावा हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2022-23 में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि भारत सरकार बैटरी-स्वैपिंग नीति स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके तहत निजी कंपनियों को देश भर में बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण के लिए कार्य कर रही विभिन्न कंपनियों को प्रोत्साहन देने वाला कदम होगा।