होंडा भारत के लिए तैयार कर रही है नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, इस साल हो सकता है लॉन्च

Honda-EV-Urban-Concept
Representational

भारत के लिए होंडा का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर देश में ही तैयार किया जाएगा और इसके 2026 के अंत तक लॉन्च होने की संभावना है

होंडा भारत के लिए एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार कर रही है। इसे ज्यादा लोकल पार्ट्स के साथ बनाया जाएगा, ताकि इसकी कीमत कम रखी जा सके और यह TVS iQube, बजाज चेतक और एथर रिज़्टा को टक्कर दे सके। होंडा ने फरवरी 2025 में Activa e: और QC1 इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर भारत में ईवी सफर शुरू किया था, लेकिन बिक्री कम रहने के कारण कुछ महीनों बाद इन दोनों स्कूटरों का प्रोडक्शन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

Activa e और QC1 दोनों ही होंडा के ग्लोबल मॉडल्स पर आधारित थे, जिन्हें भारतीय बाजार के लिए री-इंजीनियर किया गया था। लेकिन आने वाला नया होंडा इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह से लोकल डेवलपमेंट होगा और इसकी अपनी अलग पहचान होगी। कहा जा रहा है कि होंडा इस नए स्कूटर के जरिए Activa e और QC1 में सामने आई कमियों को दूर करना चाहती है।

जानकारी के लिए बता दें कि होंडा Activa e भारतीय बाजार का अब तक का एकमात्र इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसमें होम चार्जिंग की सुविधा नहीं दी गई थी, यहाँ तक कि अस्थायी विकल्प के तौर पर भी उपलब्ध नहीं है। ग्राहकों के पास केवल होंडा के बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों का ही विकल्प था, जो अभी शुरुआती चरण में हैं। ऐसे में केवल वही ग्राहक Activa e खरीदने पर विचार कर सकते थे, जो ऐसे स्टेशनों के आसपास रहते हों।

2025 honda Activa E
honda Activa E

Activa e की एक और बड़ी कमी इसका लगभग न के बराबर बूट स्पेस था, क्योंकि इसकी डिटैचेबल बैटरियां सीट के नीचे लगी थीं। इसके मुकाबले, अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों में 30 से 35 लीटर तक का अंडरसीट स्टोरेज मिलता है। इसके अलावा, इसकी कीमत भी काफी ज्यादा थी और मंथली सब्सक्रिप्शन प्लान भी महंगे थे, जिस वजह से होंडा को बाद में कीमतों में कटौती करनी पड़ी।

QC1 में होंडा ने होम चार्जिंग और बूट स्पेस की समस्या को कुछ हद तक सुलझाया। इसमें होम चार्जिंग की सुविधा और 26 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज दिया गया। हालांकि, इसकी 50 किमी/घंटा की कम टॉप स्पीड, एक बार चार्ज करने पर केवल 80 किमी की रेंज और करीब 7 घंटे का लंबा चार्जिंग टाइम ग्राहकों को पसंद नहीं आया। इसके अलावा, इसमें कई आधुनिक फीचर्स की कमी थी और परफॉर्मेंस भी कमजोर थी।

honda-activa-ev-2.jpg

अब उम्मीद है कि भारत के लिए तैयार किए जा रहे नए लोकलाइज्ड होंडा इलेक्ट्रिक स्कूटर में इन सभी कमियों को दूर किया जाएगा। इसमें बेहतर बूट स्पेस, अच्छी रेंज, कम चार्जिंग टाइम और प्रतिद्वंद्वी ब्रांड्स जैसे आधुनिक फीचर्स मिलने की संभावना है। भारत में बनाये जाने पर कीमत भी काफी प्रतिस्पर्धी रखी जाएगी। यह नया होंडा इलेक्ट्रिक स्कूटर भारत में 2026 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।