भारत में होंडा एलिवेट एसयूवी की कीमतें 58,000 रूपए तक बढ़ी, जानें नई कीमतें

honda elevate-20
Pic Source: Rakesh Shinde

होंडा एलिवेट मिडसाइज एसयूवी की कीमतों में 20,000 रुपये से लेकर 58,000 रूपए तक की बढ़ोतरी की गई है

होंडा कार्स इंडिया ने सितंबर 2023 में एलिवेट मिडसाइज एसयूवी को पेश किया था और इसे ग्राहकों द्वारा खूब सराहा गया। पहली बार जापानी ऑटो प्रमुख ने अपनी रेंज में मध्यम आकार की एसयूवी की कीमतों में वृद्धि की है। नए कैलेंडर वर्ष के पहले महीने में अक्सर वाहन निर्माता विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए कीमतों में बढ़ोतरी करते हैं।

होंडा एलिवेट के एंट्री-लेवल SV एमटी की कीमत में 58,000 रुपये की वृद्धि की गई है और अब इसकी कीमत 11,57,900 (एक्स-शोरूम) रुपये है।। बेस वेरिएंट को छोड़कर बाकी सभी ट्रिम्स में 20,000 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई है। V एमटी की कीमत इस महीने से 12,30,900 रुपये है, जबकि वी सीवीटी की कीमत 13,40,900 रूपए है।

VX ग्रेड मैनुअल और सीवीटी संस्करणों में भी उपलब्ध है। VX मैनुअल की कीमत 13,69,900 रूपए है, जबकि VX CVT की कीमत 14,79,900 रूपए है। वहीं रेंज-टॉपिंग ZX MT की नई कीमत 15,09,900 रूपए है और ZX CVT की कीमत अब 16,19,900 रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम) हो गई है।

honda elevate-13 होंडा एलिवेट

होंडा एलिवेट वेरिएंट पुरानी कीमत  नई कीमत 
1. SV MT 10,99,900 रूपए 11,57,900 रूपए
2. V MT 12,10,900 रूपए 12,30,900 रूपए
3. V CVT 13,20,900 रूपए 13,40,900 रूपए
4. VX MT 13,49,900 रूपए 13,69,900 रूपए
5. VX CVT 14,59,900 रूपए 14,79,900 रूपए
6. ZX MT 14,89,900 रूपए 15,09,900 रूपए
7. ZX CVT 15,99,900 रूपए 16,19,900 रूपए

होंडा एलिवेट पांचवीं पीढ़ी की सिटी मिडसाइज सेडान के समान प्लेटफॉर्म पर आधारित है। यह एक आजमाए और परखे हुए 1.5 लीटर चार-सिलेंडर VTEC पेट्रोल इंजन से पावर प्राप्त करता है, जो 121 पीएस की अधिकतम पावर आउटपुट और 145 एनएम का पीक टॉर्क पैदा करता है। इसे मानक के रूप में 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है जबकि सीवीटी एक विकल्प है।

इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर, एमजी एस्टर, फॉक्सवैगन ताइगुन, स्कोडा कुशाक आदि से है। इसकी कुल लंबाई 4,312 मिमी, चौड़ाई 1,790 मिमी और ऊंचाई 1,650 मिमी और व्हीलबेस 2,650 मिमी का है।

honda elevate-2

इसमें अपनी श्रेणी में सबसे बड़ा बूटस्पेस मिलता है, जो 458 लीटर का है और उच्चतम ग्राउंड क्लीयरेंस 220 मिमी है। उपकरण सूची में कनेक्टिविटी विकल्पों के साथ 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, छह एयरबैग, सात-इंच का टीएफटी मीटर क्लस्टर आदि शामिल हैं। एलिवेट को भारत से नए WR-V के रूप में जापान भेजा जाता है।